पोटचेफस्ट्रूम: भारत ने रविवार को श्रीलंका पर सात विकेट की शानदार जीत से महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप में ग्रुप एक सुपर सिक्स चरण में अपना अभियान फिर पटरी पर ला दिया। शनिवार को ऑस्ट्रेलिया से सात विकेट की हार के बाद टीम की गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवर में श्रीलंका को महज 59 रन पर समेट दिया। सोलह साल की लेग स्पिनर पर्शवी चोपड़ा भारतीय गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ रहीं जिन्होंने चार विकेट झटके। बायें हाथ के स्पिनर मन्नत कश्यप ने दो विकेट हासिल किये जिससे इन दोनों ने प्रतिद्वंद्वी टीम के बल्लेबाजी क्रम को चरमरा दिया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम(साभार BCCI/ICC)
भारत ने फिर यह लक्ष्य 7.2 ओवर में ही हासिल कर लिया, हालांकि इस दौरान टीम ने शेफाली वर्मा, विकेटकीपर ऋचा घोष और श्वेता सहरावत के विकेट गंवा दिये। सौम्या तिवारी (नाबाद 28 रन) महज 15 गेंद में पांच चौके जड़ दिये।
