क्रिकेट

Women's T20 World Cup 2023: पाकिस्तान को पटखनी देकर टीम इंडिया की धमाकेदार शुरुआत, जेमिमा-ऋचा ने लिखी जीत की इबारत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 12, 2023, 10:11 PM IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2023 में पाकिस्तान को 7 विकेट से पटखनी देकर अपने अभियान की शुरुआत की है। टीम की जीत की इबारत जेमिमा रोड्रिगेज और ऋचा घोष ने लिखी।

Image

भारत और पाकिस्तान( T20 World Cup 2023)

Photo : Twitter

केपटाउन: पिछले बार की उपविजेता भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप 2023 में अपने अभियान की शुरुआत चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को करारी मात देकर की है। जेमिमा रोड्रिग्ज भारतीय टीम इंडिया की जीत की हीरो रहीं। जीत के लिए मिले 150 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने जेमिमा की 38 गेंद में 53 रन का नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 6 गेंद 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। अंत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष 20 गेंद में 31 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए गेंद 33 में 58 रन की आतिशी साझेदारी हुई। जेमिमा और ऋचा के बीच हुई साझेदारी ने टीम इंडिया की जीत की इबारत लिखी। चोटिल स्मृति मंधाना की कमी टीम को मैच में नहीं खली।

जीत के लिए पाकिस्तान ने दिया था 150 रन का लक्ष्य

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 149 रन का स्को खड़ा किया। 10 रन के स्कोर पर पाकिस्तान ने पहला विकेट गंवा दिया था। इसके बाद बल्लेबाजी करने आई कप्तान बिस्मा माहरूफ ने मोर्चा संभाला और 55 गेंद पर 68 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उनका साथ आयशा नईम ने दिया। उन्होंने 25 गेंद में 43 रन की आतिशी पारी खेली। भारत के लिए राधा यादव ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वहीं दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर ने एक-एक सफलता हासिल की।

शेफाली यस्तिका ने दी भारत को अच्छा शुरुआत

जीत के लिए मिले 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को यस्तिका भाटिया और शेफाली वर्मा ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट केलिए 38 रन की साझेदारी की। पॉवरप्ले के खत्म होने से पहले यस्तिका भाटिया के 17 रन बनाकर आउट होने के बाद शेफाली ने जेमिमा के साथ पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन दसवें ओवर की पहली गेंद पर शेफाली 33(25) रन बनाकर आउट हो गईं।

जेमिमा ने जड़ा विजयी चौका, ऋषा ने पलटी बाजी

2 विकेट गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर 12 गेंद में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। ऐसे में जेमिमा और ऋचा ने मोर्चा संभाला और दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी। जेमिमा ने विजयी चौका जड़ा और इसके साथ अपना अर्धशतक भी पूरा किया। उन्हें इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अपनी इस पारी में जेमिमा ने 8 चौके जड़े। वहीं ऋचा के बल्ले से 5 चौके निकले।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article