महिला आईपीएल की शुरुआत का लंबे समय से इंतजार हो रहा था और अब इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। बुधवार को बीसीसीआई ने महिला आईपीएल के पहले सीजन के लिए पांच टीमों का ऐलान कर दिया है। ये पांच टीमें अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरू, दिल्ली और लखनऊ की होंगी। इन फ्रेंचाइजी टीमों से सबसे महंगी टीम अहमदाबाद की है जिसे अडानी स्पोर्ट्सलाइन प्राइवेट लिमिटेड ने खरीदा है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बताया कि इसका नाम महिला प्रीमियर लीग (WPL) रखा गया है।
बीसीसीआई ने महिला आईपीएल टीमों के सफल बिडर्स का ऐलान करते हुए बताया कि पांच टीमों की कुल कीमत 4669.99 करोड़ रुपये है। इसमें सबसे महंगी टीम अहमदाबाद की साबित हुई जिसे अडानी स्पोर्ट्सलाइन प्राइवेट लिमिटेड ने 1289 करोड़ रुपये में खरीदा है। ये हैं महिला आईपीएल की 5 टीमें, उनकी कीमत और फ्रेंचाइजी मालिक।
1. अहमदाबाद - 1289 करोड़ रुपये - अडानी स्पोर्ट्स लाइन प्राइवेट लिमिटेड
2. मुंबई - 912.99 करोड़ रुपये - इंडियाविन स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड
3. बेंगलुरू - 901 करोड़ रुपये - रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड
4. दिल्ली - 810 करोड़ रुपये - जेएसडब्ल्यू जीएमआर क्रिकेट प्राइवेट लिमिटेड
.5. लखनऊ - 757 करोड़ रुपये - केपरी ग्लोबल होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्वीट किया ,‘‘ क्रिकेट में आज ऐतिहासिक दिन है । पहली महिला प्रीमियर लीग ने पहली पुरूष आईपीएल 2008 के रिकॉर्ड तोड़ दिये । कुल 4669 . 99 की बोली लगी ।’’
