क्रिकेट

चयन समिति ने बताया, बाबर आजम को फिर से क्यों बनाया पाकिस्तान का टेस्ट कप्तान?

पाकिस्तान की चयन समिति ने बताया है कि एक बार फिर से बतौर टेस्ट कप्तान बाबर आजम पर भरोसा क्यों जताया गया? वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे के लिए उनके हाथों में सौंपी गई है कप्तानी।

Image

पाकिस्तान सिलेक्शन कमिटी (फोटो क्रेडिट PCB Screen Grab)

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की चयन समिति ने रविवार को एक बड़ा निर्णय करते हुए एक बार फिर टेस्ट टीम की कमान बाबर आजम के हाथों में सौंपने का ऐलान कर दिया। बाबर आजम की तकरीबन तीन साल लंबे अंतराल टेस्ट टीम के कप्तान के रूप में वापसी हुई है। उन्हें साल 2023 के अंत में टेस्ट कप्तानी से हटा दिया गया था और उनकी जगह शान मसूद के हाथों में कमान सौंपी गई थी। अब शान मसूद की खराब कप्तानी और टीम के लगातार खराब प्रदर्शन वजह से हटा दिया गया है। मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान को 16 मैच में से 12 में हार का सामना करना पड़ा।

मसूद की कप्तानी में टीम ने नहीं किया अच्छा प्रदर्शन

हर किसी के मन में ये सवाल उठ रहे हैं कि पीसीबी ने बतौर टेस्ट कप्तान बाबर आजम पर भरोसा क्यों जताया। इसके जवाब में टीम के हेड कोच और सिलेक्टर आकिब जावेद ने कहा, तीनों फॉर्मेट में परफॉर्मेंस का अलग-अलग आकलन किया जाता है और कप्तानी के साथ जिम्मेदारी भी आती है। शान मसूद ने व्यक्तिगत रूप से अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन टीम उनकी कप्तानी में उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं दे पाई। हमने बदलाव लाने की कोशिश की है ताकि टीम के नतीजों में सुधार हो सके।'

इसलिए बनाया बाबर को कप्तान

पीसीबी की चयनसमिति के सदस्य मिसबाह-उल-हक ने इस बात पर जोर दिया कि क्रिकेट में सफलता के लिए कंसिस्टेंसी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिलेक्टर यह देखते हैं कि क्या किसी खिलाड़ी और कप्तान ने समय के साथ अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी है। मिसबाह ने टेस्ट कप्तान के तौर पर बाबर के चयन का बचाव करते हुए कहा, बाबर ने साबित किया है कि वह तीनों फॉर्मेट में एक अहम खिलाड़ी हैं। उनका इस्तेमाल सभी फॉर्मेट में किया जा सकता है। हमें पूरे भरोसे के साथ उनका समर्थन करने और यह तय करने की जरूरत है कि वह टीम के लिए सबसे अच्छा योगदान कहां दे सकते हैं।'

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे का ऐसा है कार्यक्रम

पाकिस्तान की टीम को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 25 जुलाई को होगा। सीरीज का पहला टेस्ट 25 से 29 जुलाई के बीच टोरोबा के ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट 2 से 6 अगस्त के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान पर खेला जाएगा। कैरेबियन दौरे के बाद, पाकिस्तान तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगा। पहला टेस्ट 19 अगस्त से लीड्स के हेडिंग्ले में खेला जाएगा, इसके बाद 27 अगस्त से लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट होगा। सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट बर्मिंघम के एजबेस्टन में तीसरे 9 सितंबर से खेला जाएगा

पाकिस्तान की टीम:

बाबर आज़म (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फ़ज़ल, अली उस्मान, अज़ान अवैस, इमाम-उल-हक़, खुर्रम शहज़ाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिज़वान (विकेटकीपर), मुहम्मद अवैस ज़फ़र, मुहम्मद ग़ाज़ी गोरी (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील, शान मसूद और उबैद शाह।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article