Who Won Yesterday IPL Match 31 May, 2026, RCB vs GT, kal ka match kaun jeeta: डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू गुजरात टाइटन्स को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में 5 विकेट के अंतर से पटखनी देकर अपना खिताब बचाने में सफल रही। गुजरात टाइटन्स ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए मिले 156 रन के लक्ष्य को आरसीबी ने विराट कोहली की 42 गेंद में 75 रन की नाबाद पारी की बदौलत 18 ओवर में हासिल कर लिया। इसके साथ ही रजत पाटीदार का नाम आईपीएल इतिहास में खिताब बचाने वाले एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तानों की सूची में दर्ज हो गया। आइए जानते हैं कैसा रहा आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले के पल पल का हाल?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने जीता टॉस
आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी ने फाइनल मुकाबले के लिए अपनी एकादश में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं गुजरात की टीम एक बदलाव के साथ मैदान में उतरी। साई किशोर की जगह बांए हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान को अपनी एकादश में शामिल किया है।
गुजरात की खराब शुरुआत, गिल का नहीं चला बल्ला
गुजरात के लिए पारी की शुरुआत करने साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी उतरी। आरसीबी के लिए गेंदबाजी का आगाज जैकब डफी ने किया है। पहले ओवर में लगातार दो चौके जड़कर साई सुदर्शन ने गुजरात का खाता खोला। इसके बाद पांचवीं गेंद पर शार्ट पिच गेंद पर साई ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद विकेटकीपर के दस्तानों में गई। फील्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया लेकिन तीसरे अंपायर ने उन्हें रिव्यू के बाद नॉट आउट करार दिया। दो ओवर में गुजरात ने 18 रन बना लिए थे। लेकिन तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को जोश हेजलवुड ने रजत पाटीदार के हाथों कैच कराकर गुजरात को पहला झटका दे दिया। गिल 10(8) रन बना सके। उन्होंने दो चौके पारी में जड़े।
साई सुदर्शन बने भुवनेश्वर का शिकार
शुभमन गिल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन का साथ देने निशांत सिंधु आए। लेकिन पारी के चौथे ओवर में साई सुदर्शन को भुवनेश्वर कुमार ने शार्ट पिच गेंद पर कैच कराकर गुजरात को दूसरा करारा झटका दे दिया। साई सुदर्शन 12 (12) रन बनाकर जितेश शर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके जड़े। 3.4 ओवर में 26 रन पर दो विकेट गंवाकर गुजरात मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में बल्लेबाजी करने आए अनुभवी जोस बटलर और निशांत सिंधु ने पारी को संभालने की कोशिश की।
सिंधु का फिर नहीं चला बल्ला
बटलर और सिंधु ने पॉवरप्ले के अंत में गुजरात को 2 विकेट के नुकसान पर 45 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने आरसीबी को 6.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन ये साझेदारी आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर टूट गई। 55 के स्कोर पर रसिख सलाम ने निशांत सिंधु को बाउंड्री पर कैच करा दिया। सिंधु 20(18) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके जड़े।
पांड्या की फिरकी में फंसे बटलर
8 ओवर में 55 रन पर तीन विकेट गंवाकर गुजरात टाइटन्स बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसे में जोस बटलर को वॉशिंगटन सुंदर का साथ मिला। दोनों ने टीम को 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 63 रन तक पहुंचा दिया। दसवें ओवर की आखिरी गेंद पर जैकब डफी ने सुंदर को जीवनदान दिया। उस वक्त वो 4(7) रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद बटलर और सुंदर की जोड़ी गुजरात को 73 रन तक ले जाने में सफल रहे। 13वें ओवर की पहली गेंद पर जोस बटलर क्रुणाल पांड्या की गेंद पर गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गए। बटलर 19(23) रन बना सके। बटलर अपनी पारी में केवल एक चौका जड़ सके।
99 रन पर पवेलियन लौटी गुजरात की आधी टीम
गुजरात टाइटन्स ने 73 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में सुंदर का साथ देने आए अरशद खान ने गुजरात को 99 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन 15वें ओवर की पहली गेंद पर अरशद खान 15(6) रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर रसिख सलाम के हाथों लपके गए। 99 के स्कोर पर गुजरात को पांचवां झटका लगा। अरशद के आउट होने के बाद सुंदर को राहुल तेवतिया का साथ मिला। दोनों ने टीम को 115 रन तक पहुंचाया। 17वें ओवर की पहली गेंद पर राहुल तेवतिया को रसिख सलाम ने पाटीदार के हाथों कैच कराकर गुजरात को छठा झटका दिया। तेवतिया 7(5) रन बना सके।
गुजरात ने बनाए 8 विकेट पर 155 रन
तेवतिया के आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर एक छोर थामे रहे उनका साथ देने जेसन होल्डर आए। दोनों ने कुछ बड़े शॉट खेले और 18 ओवर में गुजरात को 137 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने होल्डर को हेजलवुड के हाथों कैच करा दिया। होल्डर 7(5) रन बना सके। 19 ओवर में गुजरात ने 7 विकेट पर 145 रन बना लिए थे। ऐसे में राशिद खान ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर गुजरात को 150 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन अगली ही गेंद पर राशिद 7(3) रन बनाकर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का जड़ा। अंत में वॉशिंगटन ने अपना अर्धशतक 37 गेंद में पूरा किया। गुजरात की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बना सकी। वॉशिंगटन सुंदर 50(37) और कगिसो रबाडा 3(3) रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट रसिल सलाम डार ने लिए। वहीं 2-2 विकेट भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड के खाते में गए। एक विकेट क्रुणाल पांड्या की झोली में गया।
आरसीबी की धमाकेदार शुरुआत
जीत के लिए 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलुरू के लिए पारी का आगाज करने विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी उतरी। दोनों ने आरसीबी को आतिशी शुरुआत दिलाई और 3.3 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 21 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी हो गई। इसमें अय्यर ने 26 और विराट ने 23 रन का योगदान दिया। दोनों ने टीम को 62 रन तक पहुंचाया। ऐसे में सिराज ने वेंकटेश की पारी का अंत पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर कर दिया। रबाडा ने उनका कैच लपका। अय्यर 32(16) रन बनाकर पवेलियन लौटे। अय्यर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल छठे ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 1(4) रन बनाए और रबाडा की गेंद पर अरशद खान के हाथों लपके गए। आरसीबी ने 2 विकेट पर 70 रन के साथ पॉवरप्ले के अंत किया।
पाटीदार और विराट ने पहुंचाया 100 के करीब
विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार ने पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद मोर्चा संभाले रखा और टीम को 8 ओवर में 88 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर रजत पाटीदार को राशिद खान ने रबाडा के हाथों कैच कराकर आरसीबी को तीसरा झटका दिया। पाटीदार 15(13) रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए क्रुणाल पांड्या को भी राशिद ने इसी ओवर में एलबीडब्लू कर दिया। क्रुणाल 1(2) रन बना सके। 89 रन पर आरसीबी ने 4 विकेट गंवा दिए थे। राशिद खान ने दोहरे झटके देकर आरसीबी को मुश्किल में डाला था लेकिन एक छोर विराट कोहली संभाले हुए थे।
टिम डेविड बने अरशद खान का शिकार
ऐसे में विराट का साथ देने टिम डेविड आए। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर आरसीबी को 9.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद विराट कोहली ने अपना अर्धशतक 25 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन इसके बाद टिम डेविड 132 के स्कोर पर 24(17) रन बनाकर अरशद खान की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का जड़ा।
विराट ने जड़ा विजयी छक्का, आरसीबी बनी चैंपियन
132 रन पर आरसीबी ने 5 विकेट गंवा दिए थे ऐसे में विराट कोहली को जीवनदान प्वाइंट पर शुभमन गिल ने दिया। अंत में विराट ने जीतेश शर्मा के साथ मिलकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जिता दिया। आरसीबी ने विजयी लक्ष्य को 18.1 ओवर में 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। विराट कोहली 75(42) और जीतेश शर्मा 11(14) रन बनाकर नाबाद रहे। विराट ने आरसीबी के लिए विजयी छक्का जड़ा। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट राशिद खान ने लिए। वहीं एक-एक विकेट मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और अरशद खान की झोली में गया।
प्लेयर ऑफ द मैच:
विराट कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने टीम के लिए 42 गेंद में 75 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने पारी में 9 चौके और 3 छक्के जड़े।
