टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को दी पहले टी20 में 48 रन से मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Jan 23, 2026, 05:48 PM IST
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और कीवी टीम को सस्ते में ढेर कर दिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
भारत बनाम न्यूजीलैंड, पहला टी20, कल का मैच कौन जीता
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज की शुरुआत नागपुर में आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत जीत के साथ की है। मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 238 रन का स्कोर खड़ा किया था। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 35 गेंद में 84 रन की और रिंकू सिंह ने 20 गेंद में 44 रन की आतिशी पारियां खेली। जीत के लिए 239 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बना सकी। ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 78(40) रन की पारी खेली। बावजूद इसके कीवी टीम को 48 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड ने जीता टॉस,चुनी गेंदबाजी
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
खराब रही भारत की शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए पारी का आगाज करने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी उतरी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 18 रन जोड़े लेकिन दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर संजू सैमसन 10(7) रन बनाकर काइल जैमिसन का शिकार बने। सैमसन के आउट होने के बाद बल्लेबाज करने उतरे ईशान किशन ने चौके के साथ अपना खाता खोला लेकिन तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर वो 8(5) रन बनाकर जैकब डफी की गेंद पर चैपमैन के हाथों लपके गए।
अभिषेक और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी ने संवारी पारी
2.5 ओवर में 27 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद एक छोर पर खड़े अभिषेक का साथ देने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए। फॉर्म से जूझ रहे सूर्या आज थोड़ी लय में नजर आए। उन्होंने अभिषेक के साथ मिलकर रन गति को तेज किया। दोनों ने 4.5 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 26 गेंद में पूरी कर ली। पॉवरप्ले में टीम ने 68 रन दो विकेट के नुकसान पर पहुंचा दिया।
अभिषेक ने जड़ा 22 गेंद में अर्धशतक
अभिषेक ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 22 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद अभिषेक ने अपना आतिशी अंदाज जारी रखा। सूर्या भी दूसरे छोर से रन बनाते रहे और भारतीय टीम 8.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंच गई। 10 ओवर में भारत ने 2 विकेट पर 117 रन बना लिए थे।अभिषेक 60 और सूर्या 31 रन बनाकर खेल रहे थे।
अभिषेक और सूर्या के बीच हुई 99 रन की साझेदारी
भारतीय पारी के सेकेंड हाफ में अभिषेक और सूर्या ने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोला और स्कोर को 126 रन तक ले गए। लेकिन 11वें ओवर की चौथी गेंद पर सूर्यकुमार यादव मिचेल सेंटनर की गेंद पर रॉबिनसन के हाथों लपके गए। इसके साथ तीसरे विकेट के लिए सूर्या और अभिषेक के बीच 99 रन की साझेदारी टूट गई।
अभिषेक ने खेली 84 रन की आतिशी पारी
सूर्या के आउट होने के बाद अभिषेक को हार्दिक पांड्या का साथ मिला। दोनों स्कोर को 149 रन तक ले गए। ऐसे में शतक की ओर बढ़ रहे अभिषेक ईश सोढी की गेंद पर जैमिसन के हाथों लपके गए। अभिषेक ने 84(35) रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के जड़े।
हार्दिक ने बनाए 25 रन, शिवम का नहीं चला बल्ला
अभिषेक के आउट होने के बाद हार्दिक का साथ देने शिवम दुबे आए। शिवम ने आते ही तेजी दिखाई लेकिन वो 4 दिन में 9 रन बनाकर फॉलो थ्रू में जैमीसन के हाथों उनकी ही गेंद पर लपके गए। इसके बाद मैदान पर रिंकू सिंह की एंट्री हुई। हार्दिक और रिंकू ने स्कोर को 189 रन तक पहुंचाया। ऐसे में हार्दिक को डफी ने चलता कर दिया। हार्दिक 25(16) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का जड़ा।
रिंकू सिंह ने खेली 44 रन की आतिशी पारी
हार्दिक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए अक्षर पटेल 5(5) रन बनाकर क्लार्क की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद अंत में रिंकू सिंह ने अर्शदीप सिंह के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन तक पहुंचा दिया। रिंकू सिंह 44(20) रन और अर्शदीप 6(6) रन बनाकर नाबाद रहे। रिंकू ने अपनी पारी में 4 चौके और तीन छक्के जड़े।
दूसरी ही गेंद पर न्यूजीलैंड ने गंवाया विकेट
जीत के लिए 239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी खराब रही। कीवी टीम को पहला झटका पारी की दूसरी ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने डेवोन कॉन्वे के रूप में दे दिया। कॉन्वे 0(2) खोले बगौर पवेलियन लौटे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रचिन रवींद्र को दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने चलता कर दिया। रचिन 1 रन बना सके।
रॉबिन्सन और फिलिप्स ने शुरुआती झटकों से उबारा
एक रन पर दो विकेट गंवाने के बाद कीवी टीम बैकफुट में नजर आने लगी। ऐसे में टिम रॉबिन्सन और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 6 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के अंत कीवी टीम ने 2 विकेट पर 50 रन के साथ किया। इसके बाद रॉबिन्सन और फिलिप्स ने 28 गेंद में तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। पॉवरप्ले के खत्म होते ही दोनों की साझेदारी को वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ दिया। चक्रवर्ती की गेंद पर रॉबिन्सन शिवम दुबे के हाथों लपके गए। उन्होंने 21(15) रन बनाए।
11.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा न्यूजीलैंड, फिलिप्स ने जड़ा अर्धशतक
रॉबिनसन के आउट होने के बाद फिलिप्स का साथ देने मार्च चैपमैन आए। दोनों ने फिर कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को 10 ओवर में 3 विकेट पर 87 रन के और इसके बाद टीम को 11.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। फिलिप्स ने 29 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों स्कोर को 131 रन तक ले गए। ये साझेदीरी 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर टूटी। फिलिप्स 78(40) रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के जड़े।
190 रन बना सकी कीवी टीम, भारत ने 48 रन से जीता मैच
131 के स्कोर पर कीवी टीम ने 4 विकेट गंवाए दिए। इसके बाद डेरिल मिचेल और चैपमैन ने मोर्चा संभाला लेकिन चैपमैन भी जल्दी ही वरुण की फिरकी में फंसकर कैच दे बैठे। उन्होंने 39(24) रन बनाए। इसके बाद फॉर्म में चल रहे डेरिल मिचेल को कप्तान मिचेल सेंटरन का साथ मिला। दोनों ने रन गति बढ़ाने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर मिचेल बिश्नोई के हाथों शिवम दुबे की गेंद पर लपके गए। अगली गेंद पर क्रिस्टन क्लार्क भी खाता खोले बगैर कैच दे बैठे। कीवी टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बना सकी और 48 रन से मुकाबला गंवा दिया। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने लिए। एक-एक सफलता अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को मिली।
प्लेयर ऑफ द मैच:
अभिषेक शर्मा को उनकी 84 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।