इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के आखिरी दो मैच रविवार को खेले गए। हैदराबाद में पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। यह मुकाबला टॉप 2 रहते हुए सीजन का अंत करने के लिहाज से बेहद अहम था। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 5 विकेट पर 214 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में जीत के लिए मिले 215 रन के लक्ष्य को सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 गेंद और 4 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। इस मुकाबले में जीत के साथ हैदराबाद के खाते में 14 मैच में 8 जीत के साथ 17 अंक हो गए और वो तीसरे पायदान से दूसरे पायदान पर पहुंच गई।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स(साभार IPL/BCCI)
रद्द हुआ राजस्थान और कोलकाता का मुकाबला
वहीं गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाने वाला सीजन का 70वां और लीग दौर का आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस मैच के रद्द होने का सीधा नुकसान राजस्थान रॉयल्स को हुआ। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें 17-17 अंक की बराबरी पर रहीं। ऐसे में दूसरे और तीसरे पायदान का फैसला नेट रन रेट के आधार पर हुआ। जिसमें बाजी हैदराबाद के हाथ लगी और राजस्थान रॉयल्स की टीम हाथ मलती रह गई।
हैदराबाद के खिलाफ पंजाब ने जीता टॉस:
दिन के पहले मुकाबले में पंजाब के कप्तान जीतेश शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
ताइडे-प्रभसिमरन ने दी पंजाब को शानदार शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को अथर्व ताइडे और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 50 रन पूरे किए। इसके बाद पॉवरप्ले के अंत में बगैर किसी नुकसान के टीम को 61 रन तक पहुंचा दिया। दोनों के बीच साझेदारी और परवान चढ़ी लेकिन 97 के स्कोर पर टी नटराजन ने इस साझेदारी को अथर्व तायडे को सनवीर सिंह के हाथों कैच करा दिया। तायडे ने 27 गेंद में 46 रन की पारी खेली।
प्रभसिमरन सिंह ने जड़ा अर्धशतक
तायडे के आउट होने के बाद दूसरा छोर संभालने वाले प्रभसिमरन सिंह को रिली रूसो का साथ मिला। दोनों ने पहले तो टीम को 10.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद प्रभसिमरन ने 34 गेंद में अपना अर्धशतक 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी 25 गेंद में पूरी कर ली और पंजाब को 13.4 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया।
150 रन के पार पहुंचने के बाद 151 के स्कोर पर पंजाब को दूसरा झटका प्रभसिमरन सिंह के रूप में लगा। प्रभसिमरन 45 गेंद में 71 रन बनाकर वियसकांत की गेंद पर विकेट के पीछे हेनरिक क्लासेन के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के जड़े। प्रभसिमरन और रूसो के बीच दूसरे विकेट के लिए 54(32) रन की साझेदारी हुई।
पंजाब ने आखिरी ओवरों में जल्दी-जल्दी गंवाए विकेट
प्रभसिमरन के आउट होने के बाद जल्दी ही हैदराबाद शशांक सिंह को रन आउट करके चलता कर दिया। वो 2(4) रन बना सके। इसके बाद रूसो भी 181 के स्कोर पर 24 गेंद में 49 रन बनाकर कमिंस का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के जड़े। रूसो के बाद आशुतोष भी 2(3) रन बनाकर आउट हुए। ऐसे में कप्तान जीतेश शर्मा एक छोर संभाले रहे और उन्होंने 15 गेंद में 32 रन की नाबाद पारी खेलकर पंजाब को 5 विकेट पर 214 रन तक 20 ओवर में पहुंचा दिया।
खराब रही हैदराबाद की शुरुआत, पहली गेंद पर आउट हुए हेड
जीत के लिए 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की खराब बेहद खराब रही। पारी के पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने ट्रेविस हेड को बोल्ड कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। पहला विकेट गंवाने के बाद अभिषेक शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदला। उन्होंने राहुल त्रिपाठी के साथ तेजी से बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद को 4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी हर्षल पटेल की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 33(18) रन बनाए।
नीतीश-अभिषेक ने पहुंचाया 100 रन के पार
राहुल त्रिपाठी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए नीतीश रेड्डी ने भी अभिषेक का साथ दिया। दोनों ने मिलकर टीम को 8.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। वहीं अभिषेक ने इससे पहले अपना अर्धशतक 21 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन इसके बाद अभिषेक 28 गेंद में 66 रन की पारी खेलकर शशांक सिंह की गेंद पर कैच दे बैठे और हैदराबाद का स्कोर 3 विकेट पर 129 रन 10.1 ओवर में हो गया।
क्लासेन ने खेली शानदार पारी, अर्धशतक से चूके
अभिषेक के पवेलियन लौटने के बाद नीतीश रेड्डी का दूसरे छोर पर साथ फॉर्म में चल रहे हेनरिक क्लासेन ने दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए जल्दी ही अर्धशतकीय साझेदारी 28 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 12 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन नीतीश रेड्डी 25 गेंद में 37 रन बनाकर हर्षल पटेल का दूसरा शिकार बने। नीतीश के बाद मैदान पर आए शाहबाज अहमद कुछ खास नहीं कर सके और 3 (6) रन बनाकर अर्शदीप की गेंद पर कैच दे बैठे। टीम को जीत के करीब पहुंचाने के बाद क्लासेन हरप्रीत बरार की गेंद को विकेट के पीछे खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए। उन्होंने 42 रन बनाए।
समद ने कराई जीत की दहलीज पार
क्लासेन के आउट होते ही हैदराबाद का स्कोर 16.5 ओवर में 5 विकेट पर 197 रन हो गया।19 गेंद में जीत के लिए उसे 18 रन बनाने थे। ऐसे में अब्दुल समद और सनवीर सिंह ने मिलकर टीम को 5 गेंद रहते जीत दिला दी। पंजाब के लिए 2-2 विकेट अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल ने लिए। वहीं एक-एक सफलता हरप्रीत बरार और शशांक सिंह को मिली।
