क्रिकेट

IPL 2024 Playoffs Full Schedule: बारिश ने फेरा राजस्थान रॉयल्स के अरमानों पर पानी, जानिए प्लेऑफ राउंड में कब किसके बीच होगी भिड़ंत?

IPL 2024 Playoffs Qualifying Teams, Schedule, Venues in Hindi: गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाना वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद आईपीएल 2024 के प्लेऑफ मुकाबलों के समीकरण साफ हो गए हैं। जानिए कब, कहां और किसके बीच खेले जाएंगे प्लेऑफ राउंड के मुकाबले?

Image

आईपीएल 2024 के प्लेऑफ के मुकाबले(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • बारिश की भेंट चढ़ा आईपीएल 2024 का आखिरी लीग मुकाबला
  • पहले दो पायदान पर रही कोलकाता और हैदराबाद
  • तीसरे और चौथे पायदान पर रही राजस्थान और बेंगलुरू

इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के आखिरी दौर में बारिश ने कई मैचों में विलेन का रोल अदा किया और कई टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने के अरमानों पर पानी फेर दिया। सीजन के लीग दौर का अंत रविवार को प्लेऑफ राउंड के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली दो टीमों राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच गुवाहाटी में भिड़ंत के साथ होना था। लेकिन बारिश की वजह मुकाबला नहीं खेला जा सका। इस मैच की वजह से राजस्थान और कोलकाता को एक-एक अंक बांटना पड़ा और इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स का टॉप-2 में रहते हुए लीग दौर का अंत करने का सपना टूट गया।

दूसरे पायदान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद

रविवार दोपहर को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट से जीत दर्ज की और अंक तालिका में दूसरे पायदान पर 14 मैच में 8 जीत, 5 हार और एक रद्द मुकाबले के साथ किया। सनराइजर्स हैदराबाद के खाते में +0.414 नेट रन रेट के साथ कुल 17 अंक हो गए।

बारिश की वजह से राजस्थान को करना पड़ा तीसरे स्थान से संतोष

ऐसे में दूसरे पायदान पर लीग दौर का अंत करने के लिए राजस्थान रॉयल्स को पहले पायदान पर काबिज कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में जीत की दरकार थी लेकिन बारिश की वजह से दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक गया। ऐसे में 14-14 मैच में राजस्थान-हैदराबाद के 17-17 अंक हो गए। ऐसे में नेट रन रेट के आधार पर हैदराबाद ने दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया और राजस्थान को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

आईपीएल 2024 के प्लेऑफ मुकाबले का शेड्यूल( IPL 2024 Playoff Full Schedule)

तारीखटीम 1टीम 2वेन्यू
क्वालीफायर-1 मैच21 मई, 2024कोलकाता नाइट राइडर्ससनराइजर्स हैदराबादअहमदाबाद
एलिमिनेटर मैच22 मई , 2024राजस्थान रॉयल्सरॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर अहमदाबाद
क्वालीफायर-2 मैच24 नई, 2024क्वालीफायर 1 में हारने वाली टीमएलिमिनेटर मुकाबले में जीतने वाली टीमचेन्नई
फाइनल 26 मई, 2024क्वालीफायर-1 की विजेताक्वालीफायर-2 की विजेताचेन्नई

पहले क्वालीफायर में होगी केकेआर-हैदराबाद में भिड़ंत

ऐसे में प्लेऑफ दौर के पहले क्वालीफायर मुकाबले में 21 मई को अहमदाबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत होगी। वहीं एलिमिनेटर मुकाबले में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच भिड़ंत होगी। ये मैच भी 22 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

चेन्नई में खेले जाएगा दूसरा क्वालीफायर और फाइनल

24 मई को सीजन का दूसरा एलिमिनेटर मुकाबला पहले क्वालीफायर (KKR vs SRH) में हारने वाली और एलिमिनेटर मुकाबले(RR vs RCB) में जीतने वाली टीम के बीच चेन्नई में होगा। इसके बाद इसी मैदान पर 26 मई को आईपीएल 2024 का खिताबी मुकाबला भी खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article