क्रिकेट

कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2024 के पहले क्वालीफायर में दी मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के पहले क्वालीफायर मुकाबले में लीग दौर में टॉप पर रही कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत हुई। कोलकाता ने इस मुकाबले में हैदराबाद को 8 विकेट से मात देकर चौथी बार आईपीएल के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं हैदराबाद की टीम के पास फाइनल में पहुंचने का दूसरा मौका क्वालीफायर 2 के रूप में बचा है। जानिए कैसी रही पहले क्वालीफायर मुकाबले में कोलकाता और हैदराबाद की टीमों के बीच भिड़ंत?

Image

कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद(साभार IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत हुई। दोनों ही टीमें लीग दौर के 70 मुकाबलों के बाद अंक तालिका में पहले और दूसरे पायदान पर रही थीं। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और केकेआर के गेंदबाजों के कहर के सामने 19.3 ओवर में 159 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 160 रन के लक्ष्य को 13.4 ओवर में 8 विकेट शेष रहते हुए हासिल कर लिया और चौथी बार दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। दो बार की चैंपियन केकेआर अपनी तीसरी खिताबी जीत के अब महज एक कदम दूर है। वहीं पहले क्वालीफायर में हारने वाली सनराइजर्स हैदराबाद के पास फाइनल में पहुंचने का एक मौका शेष है। 24 मई दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में हैदराबाद की भिड़ंत एलिमिनेटर मैच( राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर) में जीत दर्ज करने वाली टीम के साथ होगा।

हैदराबाद ने जीता टॉस:

आईपीएल 2024 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

खराब रही हैदराबाद की शुरुआत, दूसरी गेंद पर आउट हुए हेड

पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत मैच में बेहद खराब रही। पारी की दूसरी ही गेंद पर मिचेल स्टार्क ने हमवतन ट्रेविस हेड को बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया। हेड अपना खाता लगातार दूसरे मुकाबले में नहीं खोल पाए। दोनों ही मैच में वो बांए हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ गच्चा खाकर बोल्ड हुए। इसके बाद उनके साथी अभिषेक शर्मा भी इस बार नाकाम रहे और जल्दी ही 3 रन बनाकर दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर वैभव अरोड़ा का शिकार बने। ऐसे में हैदराबाद का स्कोर 1.5 ओवर में 2 विकेट पर 13 रन हो गया।

स्टार्क ने दिए पांचवें ओवर में लगातार दो झटके

शुरुआत में दो विकेट जल्दी जल्दी गंवाने के बाद थोड़ी देर विकेट नहीं गिरे और हैदराबाद के स्कोर को राहुल त्रिपाठी और नीतीश रेड्डी ने मिलकर 39 रन तक पहुंचाया। ऐसे में पांचवें ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर स्टार्क ने पहले नीतीश रेड्डी को कैच कराया और उसके बाद अगली ही गेंद पर शाहबाज अहमद को बोल्ड करके चौथा झटका दे दिया।

39 रन पर हैदराबाद ने गंवाए 4 विकेट, राहुल-क्लासेन ने संभाला

5 ओवर में 4 विकेट पर 39 रन बनाने के बाद हैदराबाद की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में एक छोर राहुल त्रिपाठी संभाले रहे और दूसरे छोर से उन्हें हेनरिक क्वासेन का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को 7 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद दोनों डटे रहे और पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 28 गेंद में पूरी कर ली। दोनों ने मिलकर हैदराबाद को 10.4 ओवर में 100 रन के पार भी पहुंचा दिया। लेकिन इसके दो गेंद बाद क्लासेन वरुण चक्रवर्ती की फिरकी में फंस गए और 32(21) रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

अर्धशतक जड़ने के बाद रन आउट हुए राहुल

क्लासेन के आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी का साथ देने अब्दुल समद आए। ऐसे में राहुल ने अपना अर्धशतक 29 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया और वो बड़े स्कोर की ओर बढ़ते दिखे लेकिन 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी समद के साथ कन्फ्यूजन की वजह से रन आउट हो गए। उन्होंने 55(35) रन बनाए। ऐसे में टीम का स्कोर 6 विकेट पर 121 रन हो गया।

पहली ही गेंद पर आउट हुए इम्पैक्ट प्लेयर सनवीर

राहुल त्रिपाठी के रन आउट होने के बाद सनवीर सिंह को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी के लिए मैदान पर भेजा गया। लेकिन वो आते ही सुनील नरेन की गेंद पर बोल्ड हो गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके। ऐसे में कप्तान पैट कमिंस बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे लेकिन उनका साथ अब्दुल समद छोड़ गए। उन्होंने 16(12) रन बनाए और हर्षित राणा का शिकार बने।

कमिंस ने पहुंचाया 150 रन के पार

125 के स्कोर पर 8 विकेट गंवाने के बाद कप्तान पैट कमिंस ने एक छोर संभाला। लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। भुवनेश्वर कुमार भी खाता खोले बगैर वरुण का शिकार बने। पैट कमिंस ने 24 गेंद में 30 रन का पारी खेली और अपनी टीम के आखिरी आउट होने वाले बल्लेबाज रहे। रसेल ने उन्हें अपनी गेंद पर विकेट के पीछे कैच कराया। अंत में विजयकांत 7 रन बनाकर नाबाद रहे। कमिंस ने टीम को 159 रन के स्कोर तक पहुंचाया। पूरी टीम 19.3 ओवर में 159 रन पर ढेर हो गई। केकेआर के सबसे सफल गेंदबाज मिचेल स्टार्क रहे। स्टार्क ने 34 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं दो सफलता वरुण चक्रवर्ती को मिली। एक-एक विकेट वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, सुनील नरेन और आंद्रे रसेल के खाते में गया।

अच्छी रही कोलकाता की शुरुआत

जीत के लिए 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स को अच्छी शुरुआत रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन की जोड़ी ने दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 44 रन 3.2 ओवर में जोड़े। गुरबाज 14 गेंद में 23 रन बनाकर टी नटराजन की गेंद पर कैच दे बैठे। गुरबाज के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने वेंकटेश अय्यर उतरे। अय्यर ने नरेन के साथ मिलकर केकेआर को 4.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 67 के स्कोर पर नरेन को पैट कमिंस ने वियसकांत के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 21(16) रन बनाए।

वेंकटेश और श्रेयस ने दिलाई 8 विकेट से जीत

जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद वेंकटेश और कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने इसके बाद और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 28 गेंद में पूरी की और टीम को 9.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। टीम के जीत के करीब पहुंचते पहुंचते दोनों ने अपने अर्धशतक पूरे कर लिए। वेंकटेश ने 28 गेंद नें 5 चौके और 4 छक्के की मदद से और श्रेयस अय्यर ने 23 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। दोनों ने मिलकर केकेआर को 13.4 ओवर में जीत दिलाकर टीम को आईपीएल 2024 के फाइनल में पहुंचा दिया। दोनों अंत तक नाबाद रहे। वेंकटेश 51(28) और श्रेयस 58(24) रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए एक-एक विकेट कमिंस और नटराजन के खाते में गया।

मैन ऑफ द मैच:

4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटकने वाले मिचेल स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article