क्रिकेट

PBKS vs CSK: चेन्नई के खिलाफ पंजाब किंग्स की रोमांच जीत, देखें मैच हाइलाइट्स और सभी डिटेल्स

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 9, 2025, 11:13 PM IST

आईपीएल में मंगलवार को हुए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 18 रन से हरा दिया। आखिरी ओवर में 28 रन बनाने थे, लेकिन पंजाब के यश ठाकुर ने केवल 9 रन दिए और अपनी टीम को जीत दिला दी।

Image

कल का मैच कौन जीता, पंजाब किंग्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (साभार-TNN)

पंजाब किंग्स ने आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 18 रन से हरा दिया। यह इस सीजन उसकी तीसरी जीत और चेन्नई सुपर किंग्स की चौथी हार है। चेन्नई के सामने 220 रन का लक्ष्य था। आखिरी ओवर में चेन्नई को 28 रन बनाने थे, लेकिन यश ठाकुर ने इस ओवर में धोनी का विकेट लिया और केवल 9 रन दिए। नतीजा निर्धारित 20 ओवर में चेन्नई की टीम 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना पाई।

चेन्नई की ओर से डेवन कॉन्वे ने सर्वाधिक 69 रन की पारी खेली। कॉन्वे के अलावा शिवम दुबे ने 42 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 89 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा रचिन रवींद्र ने 36 रन की पारी खेली। पंजाब की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन ने 2, यश ठाकुर और मैक्सवेल ने 1-1 विकेट चटकाए।इससे पहले सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य के तूफानी शतक से पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 219 रन बनाए। यह तीसरी बार है जब मुल्लांपुर के मैदान पर किसी टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार किया।

चेन्नई की मजबूत शुरुआत

220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की ओर से रचिन रवींद्र और डेवन कॉन्वे ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 60 रन जोड़े और चेन्नई की जीत की नींव रखी।

पावरप्ले के बाद चेन्नई को लगे दो झटके

चेन्नई ने पावरप्ले में बेहतरीन शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले के बाद के पहले ही ओवर में ग्लेन मैक्सवेल ने पंजाब किंग्स को पहली शुरुआत दिला दी। मैक्सवेल ने 36 रन के निजी स्कोर पर रचिन रवींद्र को स्टंप करा दिया। चेन्नई के स्कोर में 1 रन ही और जुड़े थे कि लॉकी फर्ग्यूसन ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को आउट कर सबसे बड़ा झटका दिया। गायकवाड़ 1 रन बनाकर आउट हुए।

दुबे और कॉन्वे की अर्धशतकीय साझेदारी

शिवम दुबे और डेवन कॉन्वे ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर चेन्नई को मैच में बनाए रखा। दोनों ने 51 गेंद में 89 रन की साझेदारी की। दुबे 27 गेंद में 42 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें लॉकी फर्ग्यूसन ने क्लीन बोल्ड कर दिया।

डेवन कॉन्वे हुए रिटायर्ड आउट

डेवन कॉन्वे और एमएस धोनी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। जब दो ओवर में 43 रन की दरकार थी, तो 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर डेवन कॉन्वे रिटायर्ड आउट हुए। कॉन्वे 49 गेंद में 69 रन की पारी खेलकर वापस लौटे।

फिनिश नहीं कर पाए जडेजा और धोनी

आखिरी दो ओवर में 43 रन की दरकार थी। धोनी और रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी कर रहे थे। दोनों ने 19वें ओवर में 15 रन बनाए। इस तरह आखिरी ओवर में चेन्नई को 28 रन बनाने थे। पंजाब की ओर से यश ठाकुर को गेंद सौंपी गई। यश ने पहली ही गेंद पर धोनी को आउट कर चेन्नई को सबसे बड़ा झटका दिया। धोनी 12 गेंद में 27 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद जडेजा और विजय शंकर आखिरी 5 गेंद में केवल 9 रन ही बना पाए और चेन्नई यह मुकाबला 18 रन से हार गई।

पंजाब किंग्स की खराब शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रभसिमरन दूसरे ही ओवर में मुकेश चौधरी की गेंद पर आउट हो गए। प्रभसिमरन खाता भी नहीं खोल पाए थे। अगले ओवर में खलील ने चेन्नई को सबसे बड़ी सफलता दिलाई और अय्यर को बोल्ड कर दिया। वह 9 रन बनाकर आउट हुए।

पावरप्ले में प्रियांश ने कराई वापसी

पंजाब किंग्स ने पावरप्ले के भीतर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन प्रियांश आर्य ने रनो की गति को कम होने नहीं दिया। उन्होंने पावरप्ले के भीतर अपने आईपीएल करियर की पहली हाफ सेंचुरी जड़ दी। उन्होंने अश्विन पर छक्के के साथ सिर्फ 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। पंजाब किंग्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 75 रन बनाए।

मिडिल ऑर्डर हुआ फेल

एक तरफ प्रियांश आर्य लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट का पतन जारी था। पंजाब किंग्स की टीम 83 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन प्रियांश आर्य लगातार डंटे हुए थे।

प्रियांश का चौथा सबसे तेज शतक

प्रियांश ने 13वें ओवर में पथिराना की गेंद पर लगातार तीन छक्कों और एक चौके के साथ सिर्फ 39 गेंद में आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक पूरा किया। यह अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर सबसे तेज आईपीएल शतक था। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 9 छक्के लगाए। शतक लगाने के बाद वह नूर अहमद की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर विजय शंकर को कैच दे बैठे। उन्होंने 42 गेंद में 103 रन की पारी खेली।

शशांक और यान्सेन ने पहुंचा 200 के पार

प्रियांश आर्या के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए मार्को यान्सेन। दोनों ने मिलकर चेन्नई के गेंदबाजों की खूब पिटाई की। यानसेन ने पथिराना के पारी के अंतिम ओवर में भी छक्का जड़ा जबकि शशांक ने अंतिम गेंद में तीन रन के साथ 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इन दोनों ने 65 रन की साझेदारी की और 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए।

चेन्नई के 5 गेंदबाजों ने लुटाए खूब रन

सुपरकिंग्स के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। खलील अहमद ने 45 जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 48 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। मथीशा पथिराना ने चार ओवर में 52 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। चेन्नई के 5 गेंदबाजों ने 10 या इससे ज्यादा की इकोनॉमी से रन लुटाए। प्रियांश आर्य को उनकी तूफानी शतकीय पारी के चलते प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

End of Article