दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, कल का मैच कौन जीता
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के सुपर ओवर तक गए पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर सीजन में पांचवीं जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 188 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में राजस्थान की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 188 रन बना सकी और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में जीत के लिए मिले 12 रन के लक्ष्य को दिल्ली कैपिटल्स ने 4 गेंद में केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत हासिल कर लिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
टॉस हारने के बाद अपने घर पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर में तेज शुरुआत के बाद दिल्ली ने जैक फ्रेजर मैक्गर्क का विकेट गंवा दिया। मैक्गर्क जोफ्रा आर्चर की गेंद पर जायसवाल के हाथों लपके गए। मैक्गर्क ने 9(6) रन बनाए। मैक्गर्क के आउट होने के बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर पिछले मैच में धमाल मचाने वाले करुण नायर रन आउट हो गए। 34 के स्कोर पर दिल्ली ने दो विकेट गंवा दिए।
जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने पारी को आगे बढ़ाया। पॉवरप्ले के अंत में दिल्ली की टीम 2 विकेट पर 46 रन बना सकी थी। दोनों ने मिलकर दिल्ली को 6.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद राहुल और पोरेल ने तीसरे विकेट के लिए 44 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों टीम को 97 रन तक ले गए। लेकिन इसी स्कोर पर केएल राहुल को आर्चर ने चलता कर दिया। राहुल ने 38(32) रन बनाए। राहुल के आउट होने के बाद दिल्ली ने 13.3 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए। लेकिन 105 के स्कोर पर पोरेल अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। हसरंगा ने उन्हें रियान पराग के हाथों कैच करा दिया। पोरेल 49(37) रन बनाकर पवेलियन लौटे।
राहुल और पोरेल के आउट होने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान अक्षर पटेल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 146 रन तक ले गए। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर 14 गेंद में 34 रन की कप्तानी पारी खेलकर महीश तीक्ष्णा का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के जड़े और अपनी टीम की वापसी करा दी। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने मिलकर दिल्ली को 5 विकेट पर 188 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। स्टब्स 34(18) और आशुतोष शर्मा 15(11) रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वहीं एक-एक सफलता महीष तीक्ष्णा और वनिंदु हसरंगा को मिली।
राजस्थान को संजू-जायसवाल ने दी शानदार शुरुआत
जीत के लिए 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही। यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैसमन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने टीम को 5 ओवर में राजस्थान को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद कंधे में चोट की वजह से संजू सैमसन रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने 31(19) रन बनाए। इसके बाद राजस्थान ने पॉवरप्ले में 6 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 63 रन बना लिए थे। पराग और जायसवाल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों स्कोर को 8 ओवर में 76 रन तक ले गए। लेकिन नौवें ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल ने पराग को बोल्ड कर दिया। पराग 8(11) रन बना सके।
पराग के पवेलियन लौटन के बाद यशस्वी को नीतीश राणा का साथ मिला। दोनों ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान को 11.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद जायसवाल ने अपना अर्धशतक 34 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन इसके बाद जायसवाल को कुलदीप यादव ने स्टार्क के हाथों कैच करा दिया। जायसवाल ने 51(37) रन बनाए।
जायसवाल-राणा ने पहुंचाया 150 रन के पार
जायसवाल के आउट होने के बाद नीतीश राणा और ध्रुव जुरेल ने पारी को आगे बढ़ाया। राणा और जायसवाल स्कोर को 161 रन तक ले गए। इस दौरान राणा ने अपना अर्धशतक 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन इसके बाद राणा को स्टार्क ने एलबीडब्लू करके राजस्थान को बड़ा झटका दिया। राणा 51(28) रन बना सके।
राणा के आउट होने के बाद जुरेल और हेटमायर ने मोर्चा संभाला। दोनों 19 ओवर में स्कोर को 3 विकेट पर 180 रन तक ले गए। लेकिन इसके बाद अंतिम ओवर में जीत के लिए राजस्थान को 9 रन की दरकार थी। स्टार्क ने अपनी सटीक यॉर्कर गेंदें फेंकी और केवल 8 रन राजस्थान को बनाने दिए। अंतिम गेंद पर दूसरा रन लेने की कोशिश में ध्रुव जुरेल रन आउट हो गए और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया। जुरेल 26(15) रन बनाकर आउट हुए। वहीं हेटमायर 15(9) रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए स्टार्क, कुलदीप और स्टब्स ने 1-1 विकेट लिए।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान के लिए शेमरॉन हेटमायर और रियान पराग बल्लेबाजी करने उतरे। तीन गेंद में दोनों ने 10 रन जोड़ लिए थे। लेकिन पारी की चौथी और गेंद पर रियान पराग 4(2) रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर दो रन लेने की कोशिश में यशस्वी जायसवाल भी रन आउट हो गए। राजस्थान की टीम 5 गेंद में 11 रन बना सकी और जीत के लिए दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन का लक्ष्य मिला।
जीत के लिए 12 रन बनाने उतरी दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और केएल राहुल की जोड़ी उतरी। संदीप शर्मा के खिलाफ राहुल ने दो रन के साथ पहली गेंद पर शुरुआत की और दूसरी गेंद पर चौका जड़ दिया। तीसरी गेंद पर राहुल ने एक रन लिया। इसके बाद चौथी गेंद पर स्ट्राइक पर आए ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार छक्का जड़कर दिल्ली को जीत दिला दी।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए मैच के 20वें और सुपर ओवर में शानदार गेंदबाजी करने वाले मिचेल स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।