क्रिकेट

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच में केकेआर ने मारी बाजी, देखें मैच हाइलाइट्स और सभी डिटेल्स

आईपीएल में बुधवार को हुए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसके घर पर 8 विकेट से रौंद दिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल-पल का हाल?

Image

सीएसके बनाम कोलकाता, कल का मैच कौन जीता

इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन के शुक्रवार को चेन्नई में खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने एमएस धोनी की कप्तानी में खेलने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट के अंतर से रौंद दिया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 104 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 105 रन के लक्ष्य को केकेआर ने 10.1 ओवर में सुनील नरेन की 44(18) और अजिंक्य रहाणे की 20(17) रन की पारी की पारी की बदौलत हासिल कर लिया। चेन्नई की यह अपने घर पर लगातार तीसरी और सीजन की पांचवीं हार है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

कोलकाता ने जीता टॉस:

इंडियन प्रीमियर लीग 2018 के 25वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही सीएसके की शुरुआत:

धोनी की कप्तानी में खेलने उतरी सीएसके की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती तीन ओवरों में कोलकाता के गेंदबाजों ने रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे को खुलकर रन नहीं बनाने दिए। इसका असर चौथे ओवर में दिखा और 16 के स्कोर पर कॉन्वे एलबीडब्लू होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 12(11) रन बनाए। इसके बाद अगले ही ओवर की पहली गेंद पर रचिन रवींद्र की पारी का अंत हर्षित राणा ने उन्हें कप्तान रहाणे के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया।

त्रिपाठी-शंकर ने संभाली पारी

16 रन रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद राहुल त्रिपाठी और विजय शंकर ने पारी को आगे बढ़ाया। पॉवरप्ले के 6 ओवर में सीएसके 2 विकेट खोकर 31 रन बना सकी। इसके बाद त्रिपाठी और विजय शंकर ने टीम को 7.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 59 रन तक ले गए। बड़ी हो रही ये साझेदारी दसवें ओवर की चौथी गेंद पर टूट गई। वरुण चक्रवर्ती ने विजय शंकर को मोईन अली के हाथों कैच कराकर सीएसके को तीसरा झटका दिया। विजय 29(21) रन बना सके। विजय शंकर के आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी भी अगले ही ओवर में सुनील नरेन की फिरकी में गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। राहुल 16(22) रन बना सके।

70 रन पर पवेलियन लौटी सीएसके की आधी टीम

11 ओवर में 65 रन पर 4 विकेट गंवाकर सीएसके की टीम मुश्किल में घिर गई। दबाव में दिख रहे चेन्नई के बल्लेबाजों के खिलाफ केकेआर ने दबाव बनाया और विकेटों की झड़ी लगा दी। 70 के स्कोर पर रविचंद्रन अश्विन वैभल अरोड़ा के हाथों कैच कराकर सीएसके को पांचवां झटका दे दिया।

चेन्नई ने गंवाए 9 रन के अंतर पर 4 विकेट

70 रन पर आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने फिरकी का ऐसा जाल बिछाया कि चेन्नई के बल्लेबाज लगातार उसमें फसंते चले गए। टीम के 70 से 79 रन तक पहुंचते पहुंचते रवींद्र जडेजा(0), इम्पैक्ट प्लेयर दीपक हुड्डा (0), एमएस धोनी 1(4) और नूर अहमद 1(9) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जडेजा और धोनी का शिकार सुनील नरेन ने किया। वहीं दीपक हुड्डा को वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया। नूर अहमद वैभव अरोड़ा का शिकार बने।

शिवम दुबे ने पहुंचाया 100 रन के पार

79 रन पर 9 विकेट गंवाने के बाद एक छोर थामकर खड़े शिवम दुबे और अंशुल खम्बोज ने मिलकर चेन्नई को 20 ओवर में 9 विकेट पर 104 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। शिवम दुबे 31(29) और अंशुल कम्बोज 3(3) रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए सबसे सफल गेंदबाज सुनील नरेन रहे। उन्होंन 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट लिए। एक-एक सफलता वैभव अरोड़ा और मोईन अली के खाते में गया।

नरेन-डिकॉक ने केकेआर को दिलाई आतिशी शुरुआत

जीत के लिए 105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम को सुनील नरेन और क्विंटन डिकॉक की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 4 ओवर में 46 रन आतिशी अंदाज में जड़ दिए। लेकिन इस साझेदारी को अंशुल कम्बोज ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर डिकॉक को बोल्ड करके तोड़ दिया। डिकॉक 23(16) रन बना सके।

नरेन आतिशी अर्धशतक से चूके

डिकॉक के आउट होने के बाद नरेन का साथ देने कप्तान अजिंक्य रहाणे उतरे। दोनों केकेआर के आतिशी रुख को बरकरार रखते हुए टीम को 4.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉलरप्ले के अंत तक कोलकाता ने 1 विकेट के नुकसान पर 71 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद आठवें ओवर में गेंदबाजी करने आए नूर अहमद ने अपनी पहली ही गेंद पर नरेन को बोल्ड कर दिया। नरेन 44(18) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के जड़े। नरेन ने 244.44 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। 85 के स्कोर पर केकेआर ने दूसरा विकेट गंवाया।

रहाणे-रिंकू ने दिलाई जीत

नरेन के आउट होने के बाद कप्तान रहाणे ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर केकेआर को 10.1 ओवर में 8 विकेट से जीत दिला दी। सीएसके के लिए अंशुल कम्बोज और नूर अहमद ने 1-1 विकेट अपने नाम किए। रिंकू सिंह ने विजयी छक्का केकेआर के लिए जड़ा। रहाणे 20(17) और रिंकू सिंह 15(12) रन बनाकर नाबाद रहे।

मैन ऑफ द मैच:

सीएसके के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन करके केकेआर की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सुनील नरेन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। नरेन ने 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए और इसके बाद 18 गेंद में 44 रन की आतिशी पारी खेली।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article