स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Who Won Yesterday Ind vs Eng: इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जेकब बेथल ने वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू खराब कर दिया। दूसरे टी20I मैच में टारगेट का पीछे करते हुए बेथल ने 46 गेंद पर 76 रन की नाबाद पारी खेल कर इंग्लैंड को रोमांच जीत दिलाई। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने भारत को तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में 50 रन जोड़े। अपना पहला टी20I मैच खेल रहे वैभव सूर्यवंशी 10 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। विल जैक्स ने उन्होंने जोस बटलर के हाथों स्टंप करवाया। इसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने 7 गेंद पर 15 रन की साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 43 रन बनाकर आउट हुए।
अर्धशतक से चूके ईशान किशन
कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 गेंद पर 67 रन की साझेदारी की। कप्तान श्रेयस 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान किशन 40 गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हो गए। अंत में तिलक वर्मा ने 11 गेंद पर नाबाद 24 रन की पारी खेल टीम इंडिया को 190 के स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड की तरफ से सैम करन ने तीन विकेट चटकाए।
अर्शदीप ने खराब की शुरुआत
191 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अर्शदीप सिंह ने खराब कर दी। पहले ओवर की पहली गेंद पर फिल सॉल्ट को आउट किया। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर जोस बटलर को शून्य पर आउट किया। दो विकेट गंवाकर दबाव में आई इंग्लैंड को कप्तान हैरी ब्रूक और जेकब बेथल ने संभाला। दोनों के बीच 23 गेंद पर 50 रन की साझेदारी की। हैरी ब्रूक (39) को अक्षर ने विकेट के पीछे कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
बेथल, बैंटन और ब्रूक ने कराई वापसी
एक छोर पर जम चुके बेथल ने टॉम बैंटन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 50 गेंद पर 67 रन की साझेदारी की। बैंटन 39 रन बनाकर आउट हुए। विल जैक्स का विकेट जल्दी लेकर भारत ने मैच में पकड़ बनाई, लेकिन बेथल ने एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। बेथल ने 17वें ओवर में रवि बिश्नोई को निशाना बनाया और जमकर रन लूटे।
रवि बिश्नोई ने एक ओवर में दिए 29 रन
रवि बिश्नोई ने 17वें ओवर में दो नो-बॉल के साथ कुल 29 रन लुटाए। बेथल ने ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़ा। इस ओवर के बाद मैच भारत के हाथ से पूरी तरह से निकल गया। हर्षित राणा ने सैम करन को वैभव सूर्यवंशी के हाथों कैच आउट कराकर उम्मीद जगाई लेकिन तब बहुत देर हो चुकी थी। बेथल ने पहली 30 गेंद पर 33 रन बनाए थे और अगली गेंद 16 गेंद पर 43 रन बनाए। वह 46 गेंद पर 76 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में बेथल ने पांच चौके और पांच छक्के जड़े।
भारत को मिली तीसरी शिकस्त
वहीं, जोफ्रा आर्चर ने 7 गेंद पर नाबाद 10 रन बनाए और टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट चटकाए। पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। टी वर्ल्ड कप 2026 के बाद से भारत ने तीसरा मैच गंवाया। आयरलैंड के खिलाफ दो और अब इंग्लैंड के खिलाफ एक मुकाबला गंवा दिया है।
प्लेयर ऑफ द मैच- जेकब बेथल को उनकी उम्दा पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
