क्रिकेट

कौन हैं अराफात मिन्हास जिसके फिरकी पर असहाय नजर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम

PAK vs AUS 1st ODI: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान ने पहले वनडे में धमाकेदार प्रदर्शन किया। खासतौर से स्पिन गेंदबाज अराफात मिन्हास ने फाइफर लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

Image

अराफात मिन्हास (साभार-x)

PAK vs AUS 1st ODI: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज का धमाकेदार आगाज किया। वो वक्त अलग था जब पाकिस्तान टीम अपने तेज गेंदबाजों के लिए जानी जाती थी, पिछले कुछ वक्त में स्पिन गेंदबाजी में इस टीम ने नई पहचान बनाई है। ऐसा ही नजारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में देखने को मिला जब पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई ऑस्ट्रेलिया

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम, पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के सामने एकदम असहाय नजर आई। नतीजा ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और केवल 44.1 ओवर में 200 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 3 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए जबकि 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए।

डेब्यू पर चमके अराफात मिन्हास

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू कर रहे अराफात मिन्हास ने पहले ही मैच में गदर मचा दिया। 10 ओवर में अराफात ने एक मेडन ओवर सहित 32 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे। वो डेब्यू पर 5 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए।

कौन हैं अराफात मिन्हास?

अराफात मिन्हास को क्रिकेट विरासत में मिली है। पिता काशिफ मिन्हास कभी अंडर-19 क्रिकेट खेले थे और अब उनके दोनों बेटे पाकिस्तान के लिए झंडे गाड़ रहे हैं। छोटे भाई समीर मिन्हास ने अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच में गदर काटा था और अब अराफात मिन्हास ने गेंद से कहर ढहाया है। अराफात मिन्हास का जन्म 2 जनवरी 2005 को पंजाब के मुल्तान में हुआ था। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज अराफात बाएं हाथ से बल्लेबाजी भी करते हैं।

छोटे से करियर में किया प्रभावित

अराफात मिन्हास ने अपने छोटे से करियर में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, 17 फर्स्ट क्लास मैच और 20 लिस्ट ए मैच में अराफात ने क्रमश: 4, 22 और 18 विकेट चटकाए हैं। इस सीजन पीएसएल में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी की झलक दिखा दी थी। मुल्तान-सुल्तान की ओर से खेलते हुए 11 मैच में अराफात ने 9 विकेट चटकाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article