नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को एक आपात बैठक में गहन चर्चा के बाद भारत-श्रीलंका की साझा मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहे टी20 विश्व कप के मैच भारत में खेलने से इनकार कर दिया। बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी से अपने मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की है। जहां पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुकाबले खेले जाने हैं जिसने टूर्नामेंट में हाईब्रिड मॉडल के आधार पर खेलने पर सहमति जताई थी,क्योंकि भारत ने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था और फाइनल सहित अपने सभी मुकाबले दुबई में खेले थे।
लगातार बढ़ रहा है राजनीतिक तनाव
भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव का सीधा असर दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर पड़ रहा है। पिछले अगस्त में शेख हसीना ने राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और देश छोड़कर भारत में शरण ले ली। तब से वो भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश की एक अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई है। बांग्लादेश सरकार लगातार शेख हसीना को वापस भेजने की मांग करती रही है। इस वजह से राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। भारत बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे हमलों का पुरजोर विरोध कर रहा है। इसका असर भी दोनों देशों के राजनीतिक संबंधों पर पड़ा है।
मुस्तफिजुर रहमान मामला बना आग में घी
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के भारत में टी20 विश्व कप 2026 के मैच भारत में खेलने से इनकार करने का तात्कालिक कारण तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से रिलीज करना है। बीसीसीआई के निर्देश के बाद केकेआर ने उन्हें शनिवार को अपने दल से रिलीज कर दिया। रहमान को शाहरुख खान के मलिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.2 करोड़ रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। रहमान मामले ने भारत-बांग्लादेश संबंधों की आग में घी का काम किया और बांग्लादेश ने आनन-फानन में बयान जारी करके आईसीसी से अपने मैच श्रीलंका ट्रांसफर करने की मांग कर दी। ऐसे में आइए जानते हैं इस फैसले का क्या असर पड़ेगा और आईसीसी के पास हैं क्या रास्ते?
पहला विकल्प:
आईसीसी के पास पहला विकल्प यह है कि बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर श्रीलंका में आयोजित किए जा सकते हैं। भारतीय टीम पिछले साल फरवरी में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान दौरे पर नहीं गई। ऐसे में श्रीलंका ने वनडे महिला विश्व कप 2025 में अपने मैच भारत में खेलने से इनकार कर दिया। इसी राह पर चलते हुए पाकिस्तान 2026 T20 वर्ल्ड कप के अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रहा है। ऐसे में आईसीसी के लिए बांग्लादेश के मुकाबलों को श्रीलंका स्थानांतरित करना थोड़ा आसान विकल्प होगा। हालांकि, ऐसा करने से अन्य टीमों को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ेगी। जैसा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान हुआ था।
दूसरा विकल्प:
अगर आईसीसी बांग्लादेश की मांग को नकार दे तो उसे भारत में पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी मैच छोड़ने पड़ सकते हैं। ग्रुप दौर के चार में से तीन मैच बांग्लादेश को कोलकाता के इडेन गार्डन्स में और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है। ऐसी स्थिति में विरोधी टीमों को बगैर मुकाबला खेले दो अंक मिल जाएंगे। ऐसा पहले भी हो चुका है। साल 1996 में आयोजित वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने सह मेजबान श्रीलंका के खिलाफ मैच खेलने के लिए श्रीलंका जाने से इनकार कर दिया था। उन मैचों के अंक श्रीलंका को मिले थे। इसी तरह साल 2003 में आयोजित आईसीसी वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने क्रमशः केन्या और जिम्बाब्वे को वॉकओवर दे दिया था। दोनों टीमों ने उनके देश में मैच खेलने से इनकार कर दिया था।
तीसरा विकल्प 3
बांग्लादेश के भारत दौरे पर आने से इनकार करने के बाद आईसीसी के पास एक विकल्प और भी है। अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट नहीं खेलने का फैसला करता है,तो उसकी जगह कोई दूसरी टीम ले सकती है। ऐसा पहले भी हो चुका है। साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश जाने से मना कर दिया था। ऐसे में उसकी जगह आयरलैंड को मौका मिला था। ऐसे में यह स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है कि बांग्लादेश की जगह 20 टीमों वाले टूर्नामेंट में कौन सी टीम लेगी। गेंद आईसीसी के पाले में है। बीसीसीआई के पूर्व सचिव और आईसीसी के मौजूदा अध्यक्ष जय शाह के नेतृत्व वाली टीम क्या निर्णय लेती है। यह देखने वाली बात होगी।
ऐसा है बांग्लादेश का विश्व कप का कार्यक्रम
बांग्लादेश टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डन्स में करेगी। इसके बाद बांग्लादेश अपना दूसरा मैच कोलकाता में ही 9 फरवरी को इटली के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 14 फरवरी को बांग्लादेश साल 2022 के चैंपियन इंग्लैंड से इसी मैदान पर भिड़ेगा। इसके बाद बांग्लादेश की टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ 17 फरवरी को अपने ग्रुप दौर का अंत करेगी।
