Rajat Patidar: बीसीसीआई ने शुक्रवार 6 जून को आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया। इस दौरान सोशल मीडिया पर दो नामों की सबसे ज्यादा चर्चा हुई। इसमें एक नाम 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का रहा। वहीं दूसरा नाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरा IPL खिताब जिताने वाले कप्तान रजत पाटीदार का रहा। वैभव सूर्यवंशी और रजत पाटीदार दोनों ने IPL 2026 में अपने बल्ले से आग उगली थी। जहां वैभव सूर्यवंशी ने 16 पारियों में सबसे अधिक 776 रन बनाए थे। वहीं रजत पाटीदार ने भी आरसीबी की शानदार कप्तानी करते हुए 501 रन भी जड़े थे। मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए रजत पाटीदार ने स्पिन हो या तेज गेंदबाजी किसी को नहीं बख्शा था। RCB की ट्रॉफी में उनका रोल सबसे अहम था। हालांकि, इतने धमाकेदार सीजन के बाद भी उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिली, जिससे फैंस काफी हैरान हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पाटीदार से चूक कहां हो गई?
रजत पाटीदार (PTI)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- कप्तानी मिलने पर करेंगे नेचुरल गेम से समझौता? जानिए इस पर क्या बोले श्रेयस अय्यर
अगरकर बोले- जगह सीमित है
भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर से जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजत पाटीदार को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने इसका कारण बताया। अगरकर ने माना कि सेलेक्शन मीटिंग में पाटीदार समेत कई खिलाड़ियों के नाम पर चर्चा हुई थी। अगरकर बोले, "हमने कई खिलाड़ियों के बारे में चर्चा की। लेकिन जो चुने गए, वे पूर्ण हकदार थे। भारत में कई अच्छे खिलाड़ी हैं। यहां कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम में चुने जाने के लिए बहुत ही अच्छे हैं। लेकिन जो खिलाड़ी खेल रहे हैं, वे भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।"
'अच्छी टीम चुनी, कुछ खिलाड़ी चूकेंगे ही'
अगरकर ने आगे कहा कि भारतीय क्रिकेट में टैलेंट की भरमार है और इसी वजह से सेलेक्शन बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा "हमें लगता है कि हमने एक अच्छी टीम चुनी। ऐसे में कुछ खिलाड़ी जगह बनाने से चूकेंगे भी, लेकिन हमने अच्छी टीम चुनी है और हम इसके साथ खुश हैं।"
