ऑक्लैंड: शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत जीत के साथ की है। बुधवार को ऑक्लैंड में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में विंडीज ने 165 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली है। वेस्टइंडीज और जीत के बीच कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर बाधा बनकर खड़े थे लेकिन उनकी 55 रन की नाबाद पारी भी न्यूजीलैंड का बेड़ा पार नहीं कर सकी। वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 9 विकेट पर 157 रन बना सकी। जीत की दहलीज पार करने के लिए आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड को 20 रन की दरकार थी लेकिन मिचेल सेंटनर और जैकब डफी की जोड़ी रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर केवल 12 रन बना सकी और 7 रन से मैच गंवा दिया। रोस्टन चेज को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। चेज ने 28(27) रन बनाने के अलावा 3/26 रन देकर चटकाए और टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। पांच मैच की टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज की टीम 1-0 से आगे हो गई है।
खराब रही वेस्टइंडीज की शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी विंडीज की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रेंडन किंग(3) को जैकब डफी ने कैच कराकर चलता कर दिया। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज एलिक अथनाजे ने कप्तान शाई होप के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर काइल जैमीसन ने उन्हें चैपमेन के हाथों कैच करा दिया। अथनाजे 16(9) रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अकीम अगस्टे को जिमी नीशम ने कचिन रवींद्र के हाथों कैच कराकर तीसरी झटका भी दे दिया।
विडीज ने बनाए 164/6 रन
7 ओवर में 43 रन पर वेस्टइंडीज ने तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसी स्थित में कप्तान होप और रोस्टन चेज ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 97 रन तक ले गए। दोनों के बीच की अर्धशतकीय साझेदारी को जैक फॉक्स ने 13वें ओवर में होप को बोल्ड करके तोड़ दिया। होप 39 गेंद में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपना अर्धशतक 38 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के के साथ पूरा किया। इसके बाद वो पारी को बड़ा नहीं कर सके। होप के आउट होने के बाद चेज और पॉवेल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी क। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर 146 के स्कोर पर चेज को डफी ने बोल्ड कर दिया। उन्होंने 28(27) रन बनाए। 148 के स्कोर पर पॉवेल को फॉक्स ने विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर विंडीज को छठा झटका दिया। अंत में विंडीज की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन बना सकी। होल्डर 5(5) और रोमारियो शेफर्ड 9(5) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए जैक फॉक्स और जैकब डफी ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए। 1-1 सफलता काइल जैमीसन और जिमी नीशम के खाते में गई।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाया न्यूजीलैंड
जीत के लिए 165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम को टिम रॉबिनसन और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 3 ओवर में 30 रन जड़ दिए लेकिन चौथे ओवर की पहली हेंद पर फोर्ड में कॉन्वे को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 13(12) रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाज करने आए रचिन रवींद्र ने रॉबिन्सन के साथ पारी को बढ़ाया और स्कोर को 6 ओवर में 48 रन तक ले गए। लेकिन पॉवरप्ले के खत्म होते ही पहली ही गेंद पर रॉबिन्सन रोमारियो शेफर्ड की गेंज अथनाजे के हाथों लपके गए। उन्होंने 27(21) रन बनाए।
अंतिम ओवर में जीत के लिए 20 रन नहीं बना सके सेंटनर
रॉबिन्सन के आउट होंने के बाद पारी को रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन की जोड़ी ने आगे बढ़ाया। दोनों स्कोर को 70 रन तक ले गए लेकिन ये साझेदारी भी 10वें ओवर की चौथी गेंद पर टूट गई। चैपमैन को चेज ने फोर्ड के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 21(19) रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड के विकेटों की झड़ी लग गई। देखते देखते न्यूजीलैंड का स्कोर 107 रन पर 9 विकेट हो गया। एक छोर पर कप्तान मिचेल सेंटनर टिके रहे और दूसरे छोर पर जैकब डफी उनका साझ देते रहे। अंतिम ओवर में जीत के लिए 20 रन न्यूजीलैंड को बनाने थे लेकिन सेंटनर एक चौके और एक छक्के की नदद से 12 रन बना सके और विंडीज ने मुकाबला 7 रन से गंवा दिया। सेंटनर और डफी के हीच 20 गेंद में 50 रन की नाबाद पारी खेली। इस साझेदारी में डफी ने एक रन का योगदान दिया।
