जोहान्सबर्ग: रोवमैन पॉवेल की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज क्रिकेट ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर धमाकेदार क्रिकेट खेलते हुए तीन मैच की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। सीरीज के मंगलवार को खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जीत के लिए मेजबान टीम के सामने 221 रन का लक्ष्य रखा था जिसे वो हासिल नहीं कर सकी। अल्जारी जोसेफ के पंजे में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फंस गए और 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 213 रन बना सकी।
विंडीज को तेज शुरुआत के बाद लगा झटका
दक्षिण अफ्रीका ने मैच में टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। लेकिन चौथे ओवर में काइल मेयर्स के रूप में उसे पहले झटका कगिसो रबाडा ने दे दिया। मेयर्स 17 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद अगली ही गेंद पर रबाडा ने शानदार फॉर्म में चल रहे जॉनसन चार्ल्स को भी बोल्ड कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। ऐसे में विंडीज का स्कोर 3.3 ओवर में 2 विकेट पर 39 रन हो गया।
रबाडा ने दिए विंडीज को दोहरे झटके
वेस्टइंडीज की टीम को दोहरे झटके लगने के बाद ब्रेंडन किंग और निकोलस पूरन ने संभाला। दोनों ने टीम को 4.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी हुई। 94 के स्कोर पर किंग को एनरिक नॉर्खिया ने बोल्ड कर दिया। वो 36 रन बना सके। उनके आउट होने के बाद कप्तान रोवमैन पॉवेल ने पूरन के साथ मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन 107 के स्कोर पर पॉवेल कप्तान मार्करम की गेंद पर 11 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे निकोलस पूरन भी 19 गेंद में 41 रन बनाकर नगिडी की गेंद पर विकेट के पीछे डिकॉक के हाथों लपके गए।
पुछल्ले बल्लेबाजों ने पहुंचाया 200 के पार
110 रन के स्कोर पर विंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। ऐसे मेंप पुछल्ले बल्लेबाजों ने अपना जलवा दिखाना शुरू किया। जेसन होल्डर और रेमन रीफर ने पारी को आगे बढ़ाया और 150 रन के करीब पहुंचाया। ऐसे में नॉर्खिया ने होल्डर(13) को आउट कर दिया। होल्डर के आउट होने के बाद 149 के स्कोर पर रोस्टन चेज नगिडी का शिकार बने। इसके बाद रीफर और रोमारियो शेफर्ड और रीफर ने तेजी से रन बनाने शुरू किया। 161 के स्कोर पर रीफर रन आउट हो गए। उन्होंने 18 गेंद में 27 रन की पारी खेली।
रीफर ने खेली आतिशी पारी
रीफर के आउट होने के बाद शेफर्ड ने आतिशी अंदाज में 22 गेंद में 44 रन की नाबाद पारी खेलर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। उन्हें दूसरे छोर पर अल्जारी जोसेफ का साथ मिला जिन्होंने 9 गेंद में नाबाद 14 रन बनाए। इसके साथ ही विंडीज की पारी का 20 ओवर में 8 विकेट पर 220 रन पर अंत हुआ।
धीमी रही दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत
जीत के लिए 221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी द. अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले क्विंटन डिकॉक 21 गेंद में 21 रन बनाकर अल्जारी जोसेफ का शिकार बने। 32 रन पर मेजबान टीम को पहला झटका लगा। इसके बाद रीजा हेंड्रिक्स और रीले रोले ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 9.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। हेंड्रिक्स ने 26 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।
हेंड्रिक्स मिलर ने पहुंचाया 150 के करीब
लेकिन इसके बाद रूसो 21 गेंद में 42 रन बनाकर जेसन होल्डर की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। उनके आउट होने के बाद डेविड मिलर ने हेंड्रिक्स के साथ द. अफ्रीका को 150 रन के करीब पहुंचाया लेकिन 11 गेंद में 11 रन बनाकर मिलर शेल्डन कॉट्रेल के हाथों जोसेफ की गेंद पर लपके गए। इसके साथ ही 14.2 ओवर में मेजबान टीम का स्कोर 3 विकेट पर 149 रन हो गया।
एक ओवर में तीन विकेट चटकाकर जोसेफ ने पक्की की जीत
अंतिम 2 ओवर में जीत के लिए द. अफ्रीका को ऐसे में शतक की ओर बढ़ रहे हेंड्रिक्स को अल्जारी जोसेफ ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर आउट करके अपनी टीम को मैच में वापस लौटा दिया। हेंड्रिक्स 44 गेंद पर 83 रन बनाकर पॉवेल के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 2 छक्के जड़े। इसी ओवर में जोसेफ हेनरिक क्लासेन और और वेन पार्नेल को भी चलता कर दिया। क्लासेन 2 गेंद में 6 और पार्नेल 2(2) रन बना सके।
मार्करम नहीं बना सके 7 गेंद में जीत के लिए 25 रन
18.5 ओवर में द. अफ्रीका का स्कोर 6 विकेट पर 194 रन हो गया। कप्तान एडेन मार्करम और बोजोर्न फोर्टुईन के सामने 7 गेंद में जीत के लिए 25 रन का लक्ष्य था। लेकिन कप्तान मार्करम केवल 17 रन बना पाए और टीम को 7 रन के अंतर से हाकर का मुंह देखना पड़ा। मार्करम 18 गेंद में 35 रन बनाकर नाबाद रहे। अल्जारी जोसेफ ने 4 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट लिए और एक ओवर में तीन विकेट चटकाकर मैच को विंडीज की झोली में डाल दिया। इसी के साथ ही विंडीज की टीम ने 2-1 के अंतर से सीरीज अपने नाम कर ली। अल्जारी जोसेफ को मैन ऑफ द मैच और जॉनसन चार्ल्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
