क्रिकेट

IND vs AUS, World Cup 2023 Final: रोहित शर्मा ने बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा विश्व कप फाइनल में हार का ठीकरा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 19, 2023, 10:38 PM IST

Rohit Sharma Statement after Defeat in World Cup Final: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम का तीसरी बार विश्व कप जीतने का सपना रविवार को अहमदाबाद में टूट गया। जानिए कंगारुओं के खिलाफ फाइनल में 6 विकेट के अंतर से करारी हार के बाद जानिए क्या बोले हिटमैन?

Image

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल में हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा

Photo : AP

अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम का विजय रथ रविवार को विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट अंतर से हार के बाद टूट गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 50 ओवर में 240 रन बनाकर ढेर हो गई। रोहित, विराट और केएल राहुल के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज कंगारू गेंदबाजों के कहर का सामना नहीं कर पाया। इसके बाद जीत के लिए 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 47 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद ट्रेविस हेड की 137 रन की शतकीय पारी की बदौलत 6 विकेट से मैच जीतने में सफल रही।

हमने नहीं की अच्छी बल्लेबाजी, 20-30 रन रह गए कम

खिताबी मुकाबले में हार के बाद रोहित शर्मा ने कहा, आज परिणाम हमारे पक्ष में नहीं गया हमें पता है कि हम अच्छा नहीं खेले बावजूद इसके मुझे अपनी टीम पर गर्व है। ईमानदारी से कहूं तो अगर हम 20-30 रन और बना पाते तो अच्छा होता। जब केएल राहुल और विराट बल्लेबाज कर रहे थे उस वक्त हम 270 से 280 रन के आसपास पहुंचने के बारे में सोच रहे थे। लेकिन हम लगातार विकेट खोते गए जिसका खामियाजा हमें उठाना पड़ा।

हेड-लाबुशेन की साझेदारी ने छीना मैच

रोहित ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की जीत के बारे में कहा, ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट खोने के बाद बड़ी साझेदारी की। बोर्ड पर 240 रन के लक्ष्य को बचाव करते हुए हम शुरुआती विकेट चाहते थे और हमने हासिल भी किए लेकिन ऑस्ट्रेलिया की जीत का श्रेय ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन को जाता है। इन दोनों ने बड़ी साझेदारी करके हमें खेल से पूरी तरह बाहर कर दिया। हम मैदान पर जो कर सकते थे सबकुछ किया।

शाम को बल्लेबाजी के लिए बेहतर थी पिच

रोहित ने पिच के बारे में कहा, मुझे लगा कि रोशनी में बल्लेबाजी के लिए विकेट बेहतर था। हम जानते थे कि रोशनी में बल्लेबाजी करना आसान होगा लेकिन हम इसे कोई बहाना नहीं बनाना चाहते। हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की और बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सके। हमारे तेज गेंदबाजों ने शुरुआत में तीन विकेट दिलाए लेकिन एक विकेट हम और ले पाते तो कहानी कुछ और होती। लेकिन जीत का श्रेय हेड और लाबुशेन को जाता है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article