साल 2023 की बात करें तो भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज हो या फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज दोनों टीम से वर्कलोड मैनेजमेंट के नाम पर बाहर थे। कप्तान रोहित शर्मा से इस बारे में पूछा भी गया था, लेकिन उन्होंने आईपीएल के बाद वापसी की बात कहकर इस बहस पर विराम लगा दिया, लेकिन अब इन दो खिलाड़ियों के टी20 भविष्य पर पूर्व ओपनर बल्लेबाज वसीम जाफर ने प्रतिक्रिया दी है।
रोहित और कोहली के भविष्य पर जाफर
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली से बात करते हुए वसीम जाफर ने माना कि रोहित शर्मा अगले टी20 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
जाफर ने कहा 'विराट कोहली और रोहित शर्मा को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में आराम दिया गया था। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज, आईपीएल और फिर वनडे वर्ल्ड कप होना है।
भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है। भविष्य को देखते हुए लगता है अब गेम युवा खिलाड़ियों का है। मुझे नहीं लगता है कि रोहित शर्मा अगला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे। विराट कोहली खेल सकते हैं, लेकिन रोहित निश्चिततौर पर अगला टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेंगे। वह पहले ही 36 साल के हो गए हैं।
2023 वनडे वर्ल्ड कप का साल है ऐसे में वसीम जाफर को लगता है कि सेलेक्टर्स का सबसे बड़ा काम इन दो बल्लेबाजों को फिट और फ्रेश रखना है। इसके लिए उन्हें टी20 क्रिकेट से दूर रखा जाए। जाफर ने कहा 'ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज को देखते हुए जरूरी हो जाता है कि उन्हें मानसिक रूप से फ्रेश रहने दिया जाए। फिलहाल दोनों बल्लेबाजों के सामने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी करने की चुनौती होगी क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल दांव पर है।
