स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र (COE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण, बल्लेबाजी कोच रिषिकेश कानिटकर और गेंदबाजी कोच सुनील जोशी आगामी जिम्बाब्वे दौरे और जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय टीम के सहयोगी स्टाफ में होंगे। इंग्लैंड दौरे के बाद सीनियर टीम के सहयोगी स्टाफ को ब्रेक देने के लिये यह फैसला किया गया है।
भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर 23, 25 और 27 जुलाई को हरारे में तीन टी20 मैच खेलेगी। यह दौरा इंग्लैंड में 19 जुलाई को सीमित ओवरों की सीरीज समाप्त होने के चार दिन बाद ही शुरू होगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, एशियाई खेलों के दौरान लक्ष्मण और सहयोगी स्टाफ भारतीय टीम के साथ होगा।
इसी दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज खेलनी है, जिसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर वनडे टीम के साथ होंगे। लक्ष्मण इससे पहले भी 2024 में जिम्बाब्वे में कोचिंग स्टाफ की कमान संभाल चुके हैं, जब शुभमन गिल कप्तान थे। वह हांगझोउ एशियाई खेलों में भी भारत के मुख्य कोच थे, जब राहुल द्रविड़ सीनियर टीम के साथ वनडे विश्व कप में थे।
23 जुलाई से शुरू होगा जिम्बाब्वे दौरा
याद हो कि 23 जुलाई से शुरू हो रहे जिम्बाब्वे दौरे के लिए सोमवार को टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई। 15 सदस्यीय इस टीम में कई नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस नाम को लेकर है जिसे इस टीम में जगह नहीं मिली। हम बात कर रहे हैं टी20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द मैच रहे संजू सैमसन की। संजू की जगह इस टीम में ईशान किशन और प्रभसिमरन सिंह को विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया का स्क्वॉड (India Squad T20I)
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
