IPL Final 2026: आईपीएल 2026 के फाइनल में किंग्स बनाम प्रिंस के बीच की टक्कर देखने को मिलेगी। एक तरफ गुजरात टाइटंस की टीम है तो दूसरी तरफ रजत पाटीदार एंड कंपनी है जो क्वालीफायर-1 में गुजरात को हराकर यहां पहुंची है, लेकिन आईपीएल का ताज किसके सिर सजेगा यह प्रिंस और किंग ही तय करेंगे। विराट कोहली और शुभमन गिल दोनों इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं, गिल नंबर दो पर हैं तो विराट ऑरेंज कैप की लिस्ट में छठे पोजीशन पर हैं।
फाइनल में विराट के आंकड़े डरावने
आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, क्योंकि फाइनल में विराट का बल्ला अब तक खामोश रहा है। यही आरसीबी और उसके फैंस के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात है। अब तक विराट कोहली चार आईपीएल फाइनल खेल चुके हैं और अब तक केवल एक अर्धशतक ही उनके बल्ले से आया है। 4 मैच में विराट ने 34.75 की औसत और 126.36 की स्ट्राइक रेट से 139 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 54 रन रहा है। साल 2016 में विराट ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यह पारी खेली थी।
इस सीजन विराट कोहली का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 की बात करें तो विराट 15 मैच में 50.00 की औसत और 164.38 की स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक और एक शतक जड़ा। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 105 रन था। पिछले चार सीजन से विराट की कंसिसटेंसी साबित करती है कि वह इस लीग के ही नहीं इस फॉर्मेट के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं। पिछले चार सीजन से हर बार वो 600 प्लस रन बना रहे हैं और ऐसा करने वाले वो पहले खिलाड़ी हैं। आरसीबी अगर ट्रॉफी डिफेंड करने की दिशा में फाइनल तक पहुंच पाई है तो उसके पीछे का एक कारण विराट की बैटिंग भी रही है।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
