क्रिकेट

रेलवे के खिलाफ विजय हजारे में नहीं खेलेंगे विराट, कोच सरनदीप ने पंत को लेकर भी दिया अपडेट

मंगलवार को रेलवे के खिलाफ होने वाले मैच से पहले विराट कोहली के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे विराट को लेकर कोच सरनदीप सिंह ने अपडेट शेयर किया है।

Image

विराट कोहली (साभार-BCCI)

भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली मंगलवार को यहां रेलवे के खिलाफ दिल्ली के विजय हजारे ट्रॉफी मैच में नहीं खेलेंगे। मुख्य कोच सरनदीप सिंह ने पीटीआई को यह जानकारी दी। देश की इस शीर्ष घरेलू एकदिवसीय प्रतियोगिता में वापसी करते हुए कोहली ने दो मैच में 131 और 77 रन की पारी खेली थी और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही एकदिवसीय श्रृंखला के लिए जल्द ही राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे। सरनदीप ने हालांकि कहा कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अलूर में मंगलवार को होने वाले इस मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

भारत के पूर्व स्पिनर सरनदीप ने कहा, ‘‘विराट उपलब्ध नहीं है। पंत और हर्षित कल खेलेंगे।’’ दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इससे पहले संकेत दिए थे कि कोहली तीन मैच खेल सकते हैं। दिल्ली की टीम अपने पांच में से चार मैच जीतकर ग्रुप डी में शीर्ष पर चल रही है और रेलवे के खिलाफ जीत उसे अगले दौर में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होनी चाहिए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला एकदिवसीय मैच 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा जबकि अगले दो मैच में 14 और 18 जनवरी को क्रमश: राजकोट और इंदौर में होंगे।

अब सिर्फ वनडे खेलने वाले कोहली बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की घरेलू श्रृंखला में दो शतक जड़ने के अलावा नाबाद 65 रन की पारी भी खेली। वह साल 2025 में भारत की ओर से वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी थे। उन्होंने 651 रन बनाए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article