क्रिकेट

विराट-गंभीर में 10-12 बार बात हुई... बैंटिंग कोच सितांशु कोटक ने विवाद पर दी लंबी-चौड़ी सफाई

Sitanshu Kotak On Virat Kohli-Gautam Gambhir Controversy: बर्मिंघम में भारत-इंग्लैंड के बीच शुरू हुई वनडे सीरीज से ठीक पहले अभ्यास सत्र से कुछ तस्वीरें आई थीं जो स्पष्ट संकेत दे रही थीं कि विराट कोहली और कोच गौतम गंभीर के बीच बातचीत बंद है और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोट उनके बीच बातचीत का जरिया बने हुए हैं। हालांकि, अब खुद सितांशु कोटक ने उस विवाद पर खुलकर सफाई दी है।

Image

विराट कोहली और गौतम गंभीर विवाद पर सितांशु कोटक की सफाई

Photo : AP

भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के बीच बातचीत का जरिया बनने की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच नियमित रूप से बातचीत होती है और उन्हें किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की चार विकेट से हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने साफ किया कि प्रैक्टिस के दौरान कोहली के साथ उनकी बातचीत पूरी तरह से बल्लेबाजी से जुड़ी थी।

कोहली के नेट सेशन के बाद उनके साथ समय बिताने और क्या वह गंभीर और कोहली के बीच कड़ी का काम कर रहे थे, इस बारे में पूछे जाने पर कोटक ने कहा, "नहीं, विराट और गौतम ने शायद आज ही 10-12 बार बात की है। मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी पुल की जरूरत है।"

कोटक ने बताया कि कोहली अपनी बल्लेबाजी के कुछ खास पहलुओं पर चर्चा करने के लिए उनके पास आए थे। उन्होंने कहा कि जब तक अनुभवी बल्लेबाज सलाह न मांगे, तब तक वह आम तौर पर तकनीकी दखल देने से बचते हैं।

उन्होंने कहा, "विराट ने बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले कुछ चीजों के बारे में बात की थी। सच कहूं तो, एक बैटिंग कोच के तौर पर, जब तक उन्हें कुछ महसूस न हो या कुछ खास नजर न आए, तब तक उनकी बल्लेबाजी में ज्यादा दखल नहीं देना चाहिए या ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहिए, खासकर जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन मुख्य रूप से उनके फुटवर्क के बारे में; कुछ चीजें उन्होंने पहले पूछी थीं, और फिर नेट्स के बाद भी बात कर रहे थे।"

बैटिंग कोच ने गंभीर और कोहली के रिश्तों को लेकर चल रही अफवाहों को भी खारिज कर दिया। कोटक ने आगे कहा, "इसके अलावा, जिन अफवाहों की आप बात कर रहे हैं, मुझे नहीं पता कि वे कहां से आती हैं, लेकिन वे आती हैं।"

मैच की बात करें तो, इंग्लैंड ने कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में भारत को हराकर वापसी की और तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। 234 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, जो रूट ने 133 गेंदों पर नाबाद 99 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और इंग्लैंड के 125/5 पर सिमटने के बाद विल जैक्स (30) के साथ 72 रनों की अहम साझेदारी की। गस एटकिंसन 23 रन बनाकर नाबाद रहे और इंग्लैंड ने लगभग छह ओवर शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

भारत ने गेंदबाजी में शानदार शुरुआत की; जसप्रीत बुमराह ने पारी की पहली ही गेंद पर बेन डकेट को आउट किया और प्रसिद्ध कृष्णा ने जैकब बेथेल को जल्दी पवेलियन भेजा। डेब्यू करने वाले गुरनूर बराड़ ने दो विकेट लिए, जबकि बुमराह, कृष्णा, शिवम दुबे और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले, विराट कोहली (65) और श्रेयस अय्यर (66) की हाफ-सेंचुरी के बावजूद इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ों ने भारत को 44 ओवर में 233 रन पर रोक दिया। रोहित शर्मा ने 26 और शुभमन गिल ने 31 रन बनाए, जबकि बीमार केएल राहुल की जगह खेलने आए ईशान किशन सिर्फ़ एक रन ही बना पाए। जोफ़्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि साकिब महमूद ने दो विकेट चटकाए। अब सीरीज़ का फ़ैसला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे और आखिरी वनडे मैच में होगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article