T20 World Cup: अपनी ऐतिहासिक पारी के दौरान विराट कोहली ने तोड़े रोहित शर्मा के दो रिकॉर्ड

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 23, 2022, 09:16 PM IST

Virat KOhli, Most Runs scorer in T20Is: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को मेलबर्न में ऐतिहासिक यादगार पारी खेलकर रोहित शर्मा को दो मामलों में पीछे छोड़ दिया। रोहित और विराट कोहली के बीच रनों की ये जंग टी20 विश्व कप के दौरान चलती रहेगी।

मेलबर्न: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 53 गेंद में 82 रन की नाबाद पारी खेली। इस विराट पारी के बल पर भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2022 में विजयी आगाज करने के साथ पाकिस्तान पिछले साल मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया। विराट कोहली ने अपनी धमाकेदारी के बल पर हिटमैन रोहित शर्मा के दो रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Hardik-Pandya-Virat-Kohli-Rohit-Sharma

पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद जश्न मनाते हार्दिक पांड्या, विराट कोहली और रोहित शर्मा( Image Credit: AP)

बने अंतरराष्ट्रीय टी20 में रनों के सिरमौर

विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ पारी के दौरान रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक बार फिर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। विराट के नाम 110 मैच की 102 पारियों में 3,794 रन हो गए हैं। वो दूसरे पायदान पर काबिज रोहित शर्मा से 53 रन आगे निकल गए हैं। 143 मैच की 135 पारियों में रोहित ने 3741 रन बनाए हैं। रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 4(7) रन बनाकर हारिस राउफ की गेंद पर लपके गए।

टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

इसके अलावा विराट कोहली रोहित को पीछे छोड़कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए। छठी बार टी20 विश्व कप में शिरकत कर रहे विराट के खाते में 22 मैच की 20 पारियों में 84.27 के औसत और 131.48 के स्ट्राइक रेट से 927 रन हो गए हैं। इस दौरान विराट ने 11 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 89* रन रहा है। वो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महेला जयवर्धन(1013) और क्रिस गेल(965) के बाद तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। विराट कोहली जयवर्धने को पीछे छोड़ने से अब महज 86 रन पीछे हैं।

जारी रहेगी विराट और रोहित के बीच रनों की जंग

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले विराट कोहली रोहित शर्मा से केवल 2 रन पीछे थे। लेकिन उन्होंने 82 रन की पारी खेलकर 4 रोहित को काफी पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा के खाते में 34 मैच की 31 पारियों में 851 रन हो गए हैं और वो सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें पायदान पर काबिज हैं। हालांकि विराट और रोहित के बीच रनों की रेस पूरे विश्व कप के दौरान देखने को मिलेगी।

End of Feed