क्रिकेट

World Cup 2023: किंग कोहली ने भगवान के सामने तोड़े उनके दो विराट रिकॉर्ड, बने वनडे में 50 शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 15, 2023, 05:31 PM IST

विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के घरेलू मैदान पर उनके ही सामने उनके दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिए। विराट वनडे क्रिकेट इतिहास में 50 शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने।

Image

विराट कोहली

Photo : AP

मुंबई: साल 2011 में विश्व चैंपियन बनने के बाद सचिन तेंदुलकर को इडेन गार्डन्स के मैदान पर कंधे पर उठाने वाले विराट कोहली ने बुधवार को उनके ही दो बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ते ही वनडे क्रिकेट इतिहास में 50 शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। विराट ने कोलकाता के इडेन गार्डन्स मैदान में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 121 रन की पारी खेलकर सचिन के वनडे में सबसे ज्यादा 49 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

जड़ा वनडे में 50वां शतक

अब विराट ने सचिन के घरेलू मैदान पर उनके ही सामने शतक जड़कर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। विराट ने 106 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से अपना 50वां वनडे शतक पूरा किया। विराट कोहली ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 279 पारियां खेलीं। विराट 113 गेंद में 117 रन बनाकर आउट हुए। टिम साउदी की गेंद पर डेवोन कॉन्वे ने उनका कैच लपका। विराट ने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 2 छक्के जड़े।

एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

विराट ने इसी पारी के दौरान विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने के सचिन तेंदुलकर का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सचिन ने साल 2003 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित विश्व कप में 11 मैच में 673 रन बनाए थे। तब से अबतक उनका ये रिकॉर्ड कायम था। सचिन के बाद चार और बल्लेबाजों ने विश्व कप में 600 रन के आंकड़े को पार किया लेकिन वो सचिन के सबसे ज्यादा रनों के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सके। ऐसे में विराट विश्व कप में 600 रन का आंकड़े को पार करने वाले छठे प्लेयर बने और सचिन के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

विश्व कप में 700 रन बनाने वाले पहले प्लेयर

विश्व कप में 700 रन के आंकड़े को पार करने वाले विराट कोहली पहले बल्लेबाज बन गए हैं। विराट कोहली के नाम मौजूदा विश्व कप में खबर लिखे जाने तक 10 मैच की 10 पारियों में 3 शतक और 5 अर्धशतक सहित कुल 709 रन हो गए हैं। उन्होंने ये रन 118.16 के औसत और 90.66 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। मौजूदा विश्व कप में 117 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। ये पारी उन्होंने इस मैच में खेली।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article