क्रिकेट

Vijay Hazare Trophy: सेमीफाइनल में पहुंचे कर्नाटक और महाराष्ट्र, पडिक्कल और अर्शिन कुलकर्णी के सिर पर सजा जीत का सेहरा

चार बार की चैंपियन कर्नाटक और महाराष्ट्र की टीम विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। कर्नाटक ने बड़ौदा और महाराष्ट्र ने पंजाब को मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

Image

देवदत्त पडिक्कल और अर्शिन कुलकर्णी(साभार BCCI Domestic)

वडोदरा: चार बार की चैम्पियन कर्नाटक ने रोमांचक मुकाबले में बड़ौदा को पांच रन से और महाराष्ट्र ने पंजाब को 70 रन से मात देकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। दोनों टीमें अलग-अलग सेमीफाइनल में खेलेंगी। जहां उनकी भिड़ंत गुजरात-हरियाणा और विदर्भ-राजस्थान के बीच खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगी।

युवा अर्शिन कुलकर्णी ने लिस्ट ए क्रिकेट में पहला शतक जमाया जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज नितिन नाईक के आक्रामक शतक से महाराष्ट्र ने पंजाब पर शानदार जीत दर्ज की। कुलकर्णी ने 137 गेंद में 107 रन बनाये और अंकित बावने (85 गेंद में 60 रन) के साथ शतकीय साझेदारी की। इसके बाद नाईक ने 29 गेंद में नाबाद 52 रन बनाकर टीम को छह विकेट पर 275 रन तक पहुंचाया। जवाब में पंजाब के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और टीम एक बार भी मैच में नहीं दिखी। अर्शदीप सिंह ने नौवे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंद में 49 रन बनाये लेकिन पूरी टीम 44.4 ओवर में 205 रन पर आउट हो गई। महाराष्ट्र के लिये मुकेश चौधरी ने आठ ओवर में 44 रन देकर तीन और प्रदीप दाढे ने 9.4 ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिये।

महाराष्ट्र ने 8 रन पर गंवा दिए थे 2 विकेट

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर महाराष्ट्र की शुरुआत बहुत खराब रही और उसके दो विकेट आठ रन पर गिर गए। भारत के बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने बेहतरीन पहला स्पैल डालते हुए रूतुराज गायकवाड़ (पांच) और सिद्धेश वीर (0) को पवेलियन भेजा।

इसके बाद कुलकर्णी ने पारी को संभाला और बावने के साथ 145 रन की साझेदारी की। कुलकर्णी ने 81 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 137 गेंद की अपनी पारी में स्ट्राइक रोटेट करते रहे। अर्शदीप ने उन्हें पवेलियन भेजा।

नाईक ने की आतिशी बल्लेबाजी

इसके बाद नाईक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में तीन छक्के और तीन चौके लगाये। अर्शदीप के आखिरी ओवर में उन्होंने 24 रन निकाले। जवाब में पंजाब ने पावरप्ले के भीतर की प्रभसिमरन सिंह (14), कप्तान अभिषेक शर्मा (19) और निहाल वढेरा (6) के विकेट गंवा दिये। अर्शदीप ने सनवीर सिंह के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की लेकिन दाढे ने उन्हें आउट करके अर्धशतक से एक रन से वंचित कर दिया।

पडिक्कल ने जड़ा शानदार शतक

सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने घरेलू क्रिकेट में वापसी करते हुए शतक जमाया और प्रसिद्ध कृष्णा के डैथ ओवरों में शानदार स्पैल की मदद से कर्नाटक ने बड़ौदा पर रोमांचक जीत दर्ज की। बड़ौदा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। कर्नाटक ने पडिक्कल के 99 गेंद में 102 रन की मदद से आठ विकेट पर 281 रन बनाये।

शाश्वत रावत ने जड़ा जवाबी शतक

जवाब में बड़ौदा के सलामी बल्लेबाज शाश्वत रावत ने शतक लगाया। रावत के 104 रन की मदद से बड़ौदा जीत की ओर बढती लग रही थी और आखिरी पांच ओवर में उसे 44 रन ही चाहिये थे। प्रसिद्ध कृष्णा ने हालांकि 47वें ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रूख बदल दिया। उन्होंने पहले रावत को विकेट के पीछे लपकवाया और पांचवीं गेंद पर महेश पिठिया को पवेलियन भेजा। बड़ौदा को आखिरी ओवर में 12 रन चाहिये थे और उसके दो विकेट बाकी थे लेकिन राज लिम्बानी और भार्गव भट्ट चार गेंद के भीतर ही रन आउट हो गए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article