क्रिकेट

तीन साल बाद टीम इंडिया में धमाकेदार वापसी को वरुण चक्रवर्ती ने बताया पुनर्जन्म

वरुण चक्रवर्ती ने टीम इंडिया में 1066 दिन के अंतराल के बाद धमाकेदार वापसी करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और इस पल को पुनर्जन्म जैसा बताया।

Image

वरुण चक्रवर्ती

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • वरुण चक्रवर्ती की 1066 दिन बाद हुई टीम इंडिया में वापसी
  • ग्वालियर टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ चटकाए 31 रन देकर 3 विकेट
  • किया अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

ग्वालियर: लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लगभग तीन साल बाद भारतीय टीम में वापसी को ‘पुनर्जन्म’ और ‘भावनात्मक क्षण’ करार दिया तथा तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) के पिछले सत्र के दौरान आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करने के लिए दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को धन्यवाद दिया।

वरुण ने चटकाए 31 रन देकर 3 विकेट

चक्रवर्ती ने पहले टी20 में 31 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे भारत ने बांग्लादेश को 127 रन पर ढेर कर दिया और फिर 49 गेंद शेष रहते जीत हासिल की। चक्रवर्ती ने मैच के बाद कहा,'तीन साल बाद यह मेरे लिए निश्चित रूप से भावनात्मक था। टीम में वापस आकर अच्छा लग रहा है। यह पुनर्जन्म जैसा लगता है। मैं बस प्रक्रिया से जुड़ा रहना चाहता हूं। यही मैं आईपीएल में भी कर रहा हूं।' 31 रन देकर 3 विकेट चक्रवर्ती का अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी बन गया है जो उन्होंने टीम में 1066 दिन के अंतराल के बाद वापसी करते हुए किया है।

फिरकी को समझने में नाकाम रहे बांग्लादेशी बल्लेबाज

चक्रवर्ती ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया जो उनकी गेंदों को समझने में विफल रहे। अपना सातवां अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेल रहे इस 33 वर्षीय स्पिनर ने कहा कि वह बस इस पल का आनंद लेना चाहते हैं और बहुत आगे के बारे में नहीं सोच रहे। चक्रवर्ती ने कहा, 'मैं जो सामने है उससे आगे नहीं जाना चाहता और मैं सिर्फ वर्तमान में रहना चाहता हूं इसलिए मैं बहुत ज्यादा सोचना नहीं चाहता। आईपीएल के बाद मैंने कुछ टूर्नामेंट खेले और उनमें से एक टीएनपीएल था। यह एक बहुत अच्छा टूर्नामेंट है और उच्च स्तर का है।'

अश्विन ने टीएनपीएल के दौरान बढ़ाया मनोबल

वरुण ने कहा कि टीएनपीएल के दौरान भारत के ऑफ स्पिनर अश्विन के साथ काम करना उनके लिए वास्तव में अच्छा रहा और इससे उनका मनोबल बढ़ा। उन्होंने कहा,'यह एक ऐसी जगह (टीएनपीएल) है जहां मैं बहुत काम करता हूं, ऐश (अश्विन) भाई के साथ भी, हमने चैंपियनशिप भी जीती। इससे मुझे आत्मविश्वास मिला। यह इस श्रृंखला के लिए मेरे लिए अच्छी तैयारी थी।' अपने पहले ओवर में गेंदबाजी करते समय कैच छूटने पर चक्रवर्ती ने कहा कि यह खेल का हिस्सा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article