क्रिकेट

टीम इंडिया के पूर्व ओपनर ने की वरुण चक्रवर्ती की जमकर तारीफ, कहा-व्हाइट बॉल क्रिकेट में वर्ल्डक्लास बॉलर बनने के हैं करीब

टीम इंडिया के पूर्व ओपनर मुरली विजय ने मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि इन वजहों से वो विश्व स्तरीय गेंदबाज बनने की राह पर हैं।

Image

वरुण चक्रवर्ती

Photo : AP

मुंबई: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहे वरुण चक्रवर्ती की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि कैरम बॉल और फ्लिपर पर अपने नियंत्रण के कारण यह रहस्यमयी स्पिनर विश्व स्तरीय गेंदबाज बनने की राह पर है। चक्रवर्ती ने चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक जो दो मैच खेले हैं उनमें उन्होंने सात विकेट लिए हैं। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप चरण के मैच में लिए गए पांच विकेट भी शामिल हैं। भारत रविवार को होने वाले फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करेगा जिसमें चक्रवर्ती की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

नियंत्रण के साथ फेंकते हैं कैरम बॉल और फ्लिपर

विजय ने मुंबई में एक कार्यक्रम से इतर पीटीआई से कहा,'मेरा मानना है कि वह विश्व स्तरीय गेंदबाज है। वह वनडे और टी20 में विश्व स्तरीय गेंदबाज बनने के करीब है क्योंकि बहुत कम ऐसे गेंदबाज है जो पूरे नियंत्रण के साथ कैरम बॉल और फ्लिपर करते हैं। उसे गेंदबाजी करते हुए देखने में आनंद आता है।' भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हाल में कहा था कि चक्रवर्ती अब मानसिक रूप से अधिक मजबूत खिलाड़ी बन गया है और किसी भी तरह की स्थिति में शांत बना रहता है। विजय का मानना है कि यह स्वाभाविक प्रगति है जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नियमित रूप से खेलने से मिलती है।

लंबा चलेगा चक्रवर्ती का करियर

उन्होंने कहा,'मेरा मानना है कि यह स्वाभाविक प्रगति है जैसे कि अब मैं बात कर रहा हूं उसमें पहले की तुलना में अधिक लय आ गई है। जिंदगी इसी तरह से आगे बढ़ती है। भारत की तरफ से खेलना हम सभी के लिए विशेष होता है और एक बार जब आपको यह मौका मिलता है तो आप उसका पूरा फायदा उठाना चाहते हो। आप इन अवसरों का फायदा उठाकर अपना प्रभाव छोड़ना चाहते हो। वरुण ने अपने संक्षिप्त करियर में अभी तक यही किया है। उम्मीद है कि भारतीय क्रिकेट टीम के साथ उसका करियर लंबा चलेगा। मेरी तरफ से उसे शुभकामनाएं।'

भारत जीतेगा चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब

भारत की तरफ से 61 टेस्ट, 17 वनडे और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले विजय को उम्मीद है कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में सफल रहेगा। भारत को फाइनल में रविवार को न्यूजीलैंड का सामना करना है। विजय ने कहा,'ईमानदारी से कहूं तो भारतीय क्रिकेट टीम कई वर्षों से बेहतरीन क्रिकेट खेल रही है और सभी खिलाड़ी फॉर्म में हैं और फिट दिख रहे हैं। (चैंपियंस ट्रॉफी) फाइनल महत्वपूर्ण होने वाला है। मुझे पूरी उम्मीद है कि भारत ट्रॉफी जीतेगा। हमारी टीम अभी तक अजेय रही है और अगर हम चैंपियन बनते हैं तो यह शानदार होगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article