टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ने कहा, वैभव सूर्यवंशी को नहीं है आराम की जरूरत

भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर भारत के पूर्व लेग स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी को आराम देने के बजाए लगातार खेलने के मौके देना चाहिए।

नई दिल्ली: भारत के पूर्व लेग स्पिनर एल शिवरामकृष्णन का मानना है कि 15 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आराम देने के बजाय लगातार खेलने का मौका मिलना चाहिए ताकि उन्हें विभिन्न परिस्थितियों में अनुभव और गलतियों से सीखने का अवसर मिलेगा। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 15 वर्ष 99 दिन की उम्र में भारत के लिए पदार्पण करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने सूर्यवंशी ने अपने पहले ही मैच में 10 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए।

Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट BCCI X)

वैभव को दिए जाने चाहिए पर्याप्त अवसर

वेस्टइंडीज के खिलाफ 1983 में 17 वर्ष की उम्र में टेस्ट पदार्पण करने वाले शिवरामकृष्णन का मानना है कि जब टीम प्रबंधन ने सूर्यवंशी पर भरोसा जताया है तो उन्हें पर्याप्त अवसर भी दिए जाने चाहिए। शिवरामकृष्णन ने ’पीटीआई’ से बातचीत में कहा,'उसे सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार मौके मिलने चाहिए। युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल करके फिर आराम देने का कोई मतलब नहीं है। उसे अभी आराम की जरूरत नहीं है, बल्कि पूरे साल खेलना चाहिए। एक बल्लेबाज होने के नाते उसे गेंदबाजों जैसी फिटनेस प्रबंधन की आवश्यकता नहीं होगी। लंबे समय तक बल्लेबाजी करने से उसकी एकाग्रता और मानसिक मजबूती भी बढ़ेगी।'

End of Feed