क्रिकेट

देश के काम आए उसका हर एक रन, वैभव के टीम इंडिया में आने पर पिता संजीव सूर्यवंशी की पहली प्रतिक्रिया

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका मिल गया। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा उन्हें एशियन गेम्स की टीम में भी रखा गया है। वैभव के टीम इंडिया में चुने जाने के बाद उनके पिता ने पहली प्रतिक्रिया दी है।

Image

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)

Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल और 71 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में पहली बार शामिल कर लिया गया। बीसीसीआई हेडक्वार्टर मुंबई में जैसे ही चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के नेतृत्व में टीम इंडिया का ऐलान किया गया तो वैभव सूर्यवंशी के होम टाउन ताजपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। वैभव ने सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में शामिल होने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। आईपीएल में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव के टीम इंडिया में आने पर उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने प्रतिक्रिया दी।

मेहनत का फल मिला उसको

वैभव के सेलेक्शन पर पिता संजीव सूर्यवंशी ने कहा 'हम लोग बहुत खुश हैं। इसी के लिए इतना मेहनत बच्चा किया था। उसका फल उस बच्चा को मिला। आयरलैंड दौरे पर अगर वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे।

जब इस बारे में उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा 'उसने मेहनत किया और अब पूरे देश का और पूरे बिहार का आशीर्वाद उसके साथ है। भगवान का भी आशीर्वाद उसके साथ है। रिकॉर्ड का क्या बात है, देश के लिए खेलेगा, जिस ढंग से खेलता है। भारत को बहुत जीत दिलाएगा। मेन वही चीज है, रिकॉर्ड को हम अलग रखते हैं। देश को अगर जीत दिलाता है तो वही मेरे लिए सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। वही हम चाहते हैं जबतक खेले देश के लिए खेले। उसका रन देश के काम आए।

वैभव के सफर में पिता का अहम रोल

वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम वक्त में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने का जो यह सफर पूरा किया है, वो उनके पिता के संघर्षों के बिना अधूरी है। आईपीएल में जब-जब वैभव अच्छा खेले, सोशल मीडिया पर तब-तब उनकी एक फोटो शेयर की गई, जिसमे वह अपने पिता की गोद में आईपीएल मैच देखते नजर आ रहे हैं। उनकी यह तस्वीर साल 2017 की है जब वह पूणे वॉरियर्स का मैच देखने पहुंचे थे। वैभव के मन में क्रिकेट खेलने की अलख जगाने से लेकर पिता सूर्यवंशी ने उन्हें पहले मुजफ्फरपुर और फिर डेली पटना ले जाकर तैयारी करवाई। आज उनके और पिता की मेहनत रंग लाई।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article