क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी ने रचा आईपीएल में नया इतिहास, तोड़ा साई सुदर्शन का रिकॉर्ड

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 साल के आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप अपने नाम करके नया इतिहास रच दिया है। वो लीग के इतिहास में ऑरेंज कैप का अवार्ड जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

Youngest Orange Cap Winner in IPL History: राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 साल के आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में नया इतिहास रच दिया है। वैभव आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्हें ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। वैभव ने सीजन में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए। उनके बाद दूसरे पायदान पर शुभमन गिल(732) और तीसरे पर साई सुदर्शन (722) रहे। साई सुदर्शन आईपीएल 2025 में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। उन्होंने ये उपलब्धि 23 साल 237 दिन की उम्र में हासिल की थी। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 65 दिन की उम्र में ये कारनामा कर दिखाया है।

आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन

वैभव ने आईपीएल में 16 मैच की 16 पारी में 48.50 के औसत और 237.30 स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 776 रन बनाए। इसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। वैभव ने आईपीएल में चौकों छक्कों की बारिश की। उन्होंने सीजन में 63 चौके और सबसे ज्यादा 72 छक्के जड़े। वैभव ने अपने 776 में से 684 रन चौकों छक्कों की मदद से ही बना दिए। यह आईपीएल में बाउंड्री की मदद से बनाए सबसे ज्यादा रनों का भी नया रिकॉर्ड है।

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच केवल वैभव सूर्यवंशी के नाम की चर्चा हो रही है। उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। गेल ने सीजन में 59 छक्के जड़े थे। वैभव ने सीजन का अंत 72 छक्के के साथ किया।

सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन

वैभव ने सीजन में सबसे ज्यादा 237.30 के स्ट्राइक रेट से भी रन बनाए। आईपीएल के इतिहास में इतने स्ट्राइक रेट से किसी भी खिलाड़ी ने 700 या उससे ज्यादा रन नहीं बनाए। मौजूदा सीजन में वैभव के बाद सबसे ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर केकेआर के लिए खेलने वाले कीवी बल्लेबाज फिन एलन रहे। ऐलन ने 11 मैच में 214.11 के स्ट्राइक रेट से 349 रन बनाए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article