क्रिकेट

बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और मोहम्मद रिजवान को लगा करोड़ों का चूना, ‘पोंजी स्कीम' का बने शिकार

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी सहित कई स्टार खिलाड़ी पोंजी स्कीम का शिकार हो गए हैं। एक कारोबारी करोड़ों की रकम ऐंठ कर पाकिस्तान से फरार हो गया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

शाहीन अफरीदी, मोहम्मज रिजवान और बाबर आजम

कराची: पूर्व कप्तान बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और तेज गेंदबाजी की अगुआई करने वाले शाहीन शाह अफरीदी सहित पाकिस्तान के कई शीर्ष क्रिकेटर कथित तौर पर एक ‘पोंजी स्कीम’ का शिकार हो गए हैं जिसमें उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। एक सूत्र ने इसकी जानकारी दी। सूत्रों का कहना है कि यह मामला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के संज्ञान में आ गया है और बोर्ड इस कथित वित्तीय घोटाले की जांच कर रहा है।

एक दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी हुए ठगी का शिकार

सूत्र के अनुसार करीब एक दर्जन मौजूदा खिलाड़ियों (जिनमें फखर जमां, शादाब खान और अन्य खिलाड़ी शामिल हैं) के साथ एक पूर्व टेस्ट कप्तान ने भी एक पाकिस्तानी कारोबारी के पास बड़ी रकम निवेश की थी और अब यह व्यवसायी देश छोड़कर जा चुका है। सूत्र ने कहा,'यह कारोबारी पाकिस्तान सुपर लीग की कुछ फ्रेंचाइजी को प्रायोजित करने से भी जुड़ा रहा है और उसने शुरूआत में पहले कुछ महीनों तक खिलाड़ियों को मुनाफे का भुगतान किया लेकिन बाद में उसने भुगतान बंद कर दिया।'

भारी नुकसान का हवाला देकर कारोबारी हुआ फरार

जब प्रभावित खिलाड़ियों ने उससे संपर्क किया तो कारोबारी ने कथित तौर पर यह दावा किया कि उसे भारी नुकसान हुआ है जिसमें खिलाड़ियों की निवेश राशि और उसकी अपनी पूंजी भी शामिल है। उसने कहा कि वह पैसा लौटाने की स्थिति में नहीं है। सूत्र ने कहा,'इसके बाद उसने फोन कॉल और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया और देश छोड़कर चला गया। कई खिलाड़ियों ने अपनी व्यक्तिगत बचत ही नहीं बल्कि रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों की रकम भी इसमें निवेश कर दी थी।

एक अरब से ज्यादा हो सकती है ठगी की राशि

सूत्र ने कहा,'यह मूल रूप से एक ‘पोंजी योजना’ (पिरामिड बिक्री योजना) थी जिसमें नुकसान होने लगा। अब इन खिलाड़ियों के सामने करोड़ों रुपये गंवाने का खतरा है।' सूत्र के अनुसार क्रिकेटरों और उनके सहयोगियों द्वारा निवेश की गई कुल राशि एक अरब रुपये से भी अधिक हो सकती है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article