क्रिकेट

NZ vs ENG: कीवी विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने डे-नाइट टेस्ट में रचा इतिहास

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 17, 2023, 01:21 PM IST

न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में यादगार पारी खेलकर अपनी टीम को संभावित हार से तो बचा ही लिया इसके साथ ही उन्होंने डे-नाइट क्रिकेट इतिहास में अपना नाम हमेशा के लिए अमर करा लिया।

Image

टॉम ब्लंडेल(साभार BLACK CAPS)

माउंट माउंगनुई: न्यूजीलैंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने इंग्लैंड के खिलाफ माउंट माउंगनुई में खेले जा रहे सीरीज के पहले और डे-नाइट टेस्ट में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। ब्लंडेल डे-नाइट टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्होंने 181 गेंद में 138 रन की शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को मुश्किल से बाहर निकालने में अहम भूमिका अदा की।

83 रन पर न्यूजीलैंड ने गंवा दिए थे पांच विकेट

इंग्लैंड द्वारा पहली पारी 9 विकेट पर 325 रन पर घोषित करने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने 83 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे ब्लंडेल ने मोर्चा संभाला और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को 306 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।

आठवें और दसवें विकेट के लिए की अर्धशतकीय साझेदारी

जब ब्लंडेल बल्लेबाजी करने उतर उस वक्त न्यूजीलैंड इंग्लैंड से 242 रन पीछे थी। एक वक्त ऐसा आया जब 182 रन पर न्यूजीलैंड के 7 खिलाड़ी पवेलियन लौट गए थे लेकिन ब्लंडेल ने हार नहीं मानी और पिच पर टिके रहे। उन्होंने डेब्युटेंट स्कॉट कुग्लेजिन के साथ आठवें विकेट के लिए 77 गेंद 53 और दसवें विकेट के लिए एक और डेब्युटेंट ब्लेयर टिकनर के साथ 59 (71) रन की साझेदारी करके अपने टीम को 300 रन के पार पहुंचाकर संभावित हार से बचा लिया।

जड़ा करियर का चौथा टेस्ट शतक

ब्लंडेल ने अपनी 138 रन की पारी के दौरान 19 चौके और एक छक्का जड़ा। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 76.24 का रहा। उन्होंने 143 गेंद में अपना चौथा टेस्ट शतक 11 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। धाकड़ गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने उनकी धमाकेदार और यादगार पारी का अंत अपनी ही गेंद पर फॉलोथ्रू में शानदार कैच लेकर किया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड की पहली पारी का अंत भी हो गया। ब्लंडेल के शतकीय प्रहार की वजह से इंग्लैंड की टीम पहली पारी में महज 17 रन की मामूली बढ़त हासिल कर सकी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article