अहमदाबाद: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप 2023 के खिताबी मुकाबले में भिड़ंत होने जा रही है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया धमाकेदार अंदाज में विजय रथ पर सवार होकर फाइनल में पहुंची है। टीम इंडिया के इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय टीम के कोच राहुल द्रविड़ को भी दिया जा रहा है। दो साल की उनकी कड़ी मेहनत अब रंग लेकर आई है।
रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़
राहुल द्रविड़ के लिए जीतना चाहते हैं विश्व कप
रोहित ने कहा कि हम इस बार विश्व कप राहुल द्रविड़ के लिए जीतना चाहते हैं। रोहित ने कहा, राहुल द्रविड़ का भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा रहा है। उन्हें भी लगता है कि इस बड़े मौके का हिस्सा होना चाहिए। ये हमारे ऊपर है कि हम उनके लिए ये काम करें।'
टीम की जीत में अहम है द्रविड़ की भूमिका
ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने फाइनल से पहले राहुल द्रविड़ की तारीफ करते हुए कहा, द्रविड़ का योगदान काफी अहम खासकर खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर जिसका जिक्र में अक्सर करता रहा हूं। साफतौर पर कहूं तो जिस अंदाज में राहुल भाई ने अपनी क्रिकेट खेली और जिस तरह की क्रिकेट मैं खेलता हूं वो बिलकुल अलग है। उनका मेरी राय पर सहमति जताना और खुलकर खेलने की आजादी देना उनके बारे में बहुत कुछ जाहिर कर देता है।
भारतीय टीम रोहित की कप्तानी और राहुल द्रविड़ के कोच कहते साल 2022 के टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची थी। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को 10 विकेट के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
मुश्किल वक्त में खिलाड़ियों का दिया साथ
सेमीफाइनल की उस करारी हार के बाद राहुल द्रविड़ के व्यवहार का जिक्र करते हुए रोहित ने कहा, जिस तरह राहुल मुश्किल वक्त में टीम के साथ खड़े रहे। खासकर टी20 विश्व कप से पहले और बाद में वो काबिले तारीफ है। टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक का हमारा सफर शानदार रहा था उसके बाद हमें हार का सामना करना पड़ा। कुछ विशेष परिस्थितियों में उन्होंने जो प्रतिक्रिया दी और खिलाड़ियों को बताया कि हम किस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। ये सब कुछ उनके बारे में बहुत कुछ बताता है।
