क्रिकेट

Team India stuck in Barbados : वर्ल्ड चैम्पियन Team India बारबाडोस में फंसी, अब देश वापसी में हो सकती है देरी

Hurricane Beryl, Team India Return to Country Delayed: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के खिताबी मुकाबले में रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराया। इसी जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। रिपोर्ट के अनुसार, तूफान बेरिल के कारण भारतीय टीम अभी बारबाडोस में हैं। टीम को मंगलवार तक लौटना था, लेकिन अब आने में कुछ देरी हो सकती है।

Image

जीत के बाद जश्न मनाते हुए भारतीय टीम के खिलाड़ी। (फोटो- ICC Twitter)

Photo : Twitter

Hurricane Beryl, Team India Return to Country Delayed: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को पटखनी देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत की खुशी में खिलाड़ियों के साथ पूरा देश जश्न मनाया। क्रिकेट फैंस के अलावा देश के हर वर्ग के लोग ट्रॉफी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन फैंस और देशवासियों को ट्रॉफी को देखने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि तूफान बेरिल के कारण टीम इंडिया बारबाडोस में हैं। टीम को मंगलवार तक लौटना था, लेकिन अब तूफान के कारण टीम को कम से कम एक दिन की देरी हो सकती है। इसके बाद ही टीम अपने देश लौट पाएगी। रिपोर्टो के अनुसार, तूफान 210 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम हवाओं के साथ तेज हो गया था, जिससे हवाई यात्रा बेहद असुरक्षित हो गई थी। श्रेणी 4 का यह तूफान बारबाडोस से लगभग 570 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में था और ऐसी खबरें हैं कि ब्रिजटाउन हवाई अड्डा शाम को बंद हो जाएगा। भारतीय टीम को न्यूयॉर्क से दुबई होते हुए एमिरेट्स फ्लाइट पकड़नी थी।

चार्टर फ्लाइट से लाने पर हो रहा है विचार

एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, टीम को ब्रिजटाउन से न्यूयॉर्क जाना था और फिर दुबई होते हुए भारत पहुंचना था। लेकिन अब योजना यहां से सीधे दिल्ली के लिए चार्टर फ्लाइट लेने की है। इस बीच खबर यह भी यह रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक बैठक पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं, बारबेडियन प्रधानमंत्री ने तूफान को लेकर कहा कि हमें तूफान से निपटने के लिए पूरी तैयार रहना है। आगे उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए हजारों दर्शक बारबाडोस आए थे।

कोहली ने खेली थी बड़ी पारी

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला जमकर गरजा था। उन्होंने 59 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेलकर भारत को 176/7 के स्कोर तक पहुंचाया। जिसके बाद हार्दिक पंड्या और उनके साथी गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को 169/8 के स्कोर पर रोककर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। भारत ने 29 जून को आईसीसी ट्रॉफी के लिए अपने 11 साल के इंतजार को समाप्त कर दिया था, जब उसने एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हराकर दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता था।

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article