क्रिकेट

T20 World Cup 2024: न्यूयॉर्क पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम, जडेजा ने रोहित के साथ ली सेल्फी

Team india reaches New York: जून में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम ने कमर कस ली है और वे बेहतर तैयारी के लिए न्यूयॉर्क पहुंच गए हैं। टीम के स्टार रवींद्र जडेजा ने एक शानदार सेल्फी भी शेयर की है। जिसमें रोहित के साथ सपोर्ट स्टाफ भी है।

Image

रोहित शर्मा रवींद्र जडेजा (फोटो- X)

Team india reaches New York: भारतीय क्रिकेट टीम के 10 सदस्य टी20 विश्व कप के लिए रविवार सुबह न्यूयॉर्क पहुंचे जिसमें कप्तान रोहित शर्मा भी शामिल थे। हालांकि न्यूयॉर्क पहुंचने वाले पहले जत्थे में विराट कोहली और उप कप्तान हार्दिक पंड्या अनुपस्थित थे।मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और बाकी सहयोगी स्टाफ भी न्यूयॉर्क पहुंचे। टीम के स्टार रवींद्र जडेजा ने एक शानदार सेल्फी भी शेयर की है। जिसमें रोहित के साथ सपोर्ट स्टाफ भी है।

रोहित के अलावा जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल भी शामिल थे। रिजर्व खिलाड़ी शुभमन गिल और खलील अहमद भी उनके साथ मौजूद थे।कोहली ने बुधवार को अहमदाबाद में आईपीएल एलिमिनेटर मुकाबला खेला था। वह बाद में टीम के साथ जुड़ेंगे।हार्दिक आईपीएल लीग चरण के पूरा होने के बाद ब्रिटेन चले गये थे। पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस कप्तान हार्दिक की अगुआई में प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही थी।

सोमवार को रवाना होंगे यशस्वी और संजू

राजस्थान रॉयल्स ने शुक्रवार रात चेन्नई में दूसरा क्वालीफायर खेला था जिससे यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल और आवेश खान (रिजर्व) सोमवार को न्यूयॉर्क के लिए रवाना होंगे।भारत अपना एकमात्र विश्व कप अभ्यास मैच बांग्लादेश के खिलाफ नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा। भारतीय टीम इस नये स्टेडियम में तीन लीग मैच खेलेगी जिसमें नौ जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला भी शामिल है। जनवरी में इस स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू हुआ था और इस महीने में ही पूरा हुआ है।

भारतीय टीम पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। भारत ने 2013 के बाद से कोई आईसीसी खिताब नहीं जीता है।अमेरिका पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट की सह मेजबानी कर रहा है और उसकी राष्ट्रीय टीम भी वैश्विक प्रतियोगिता में पदार्पण करेगी।

(भाषा के अपडेट्स के साथ)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article