डार्विन: बांग्लादेश ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में खेले जा रहे दो मैच की सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 153 रन की बढ़त हासिल कर ली है। बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने अदा की। तंजीद हसन की 101 और शांतो की 84 रन की पारी की बदौलत बांग्लादेश ने दूसरे दिन के खेल का अंत 6 विकेट पर 351 रन के साथ किया। मेहदी हसन मिराज 32 और हसन महमूद 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तंजीद हसन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते हुए
लंच तक बांग्लादेश ने बनाए 181 रन, तंजीद ने जड़ा अर्धशतक
बांग्लादेश ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत एक विकेट पर 96 रन के साथ की। तंजीद हसन ने 31 और मोमिनुल हक ने 35 रन से आगे खेलना शुरू किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 183 गेंद में पूरी कर ली। इसके बाद 138 के स्कोर पर मोमिनुल हक 49 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। बांग्लादेश की पारी को इसके बाद तंजीद हसन और कप्तान नजमुल हसन शांतो ने आगे बढ़ाया। हसन ने लंच से पहले अपना अर्धशतक 102 गेंद में पूरा किया। लंच तक बांग्लादेश ने 2 विकेट पर 181 रन बना लिए थे।
तंजीन ने जड़ा सैकड़ा, शांतो ने कप्तानी अर्धशतक
लंच के बाद दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। शांतो ने अपना अर्धशतक 74 गेंद में 5 चौके की मदद से पूरा किया। इसके बाद तंजीद हसन ने अपना शतक 188 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 231 के स्कोर पर शतक पूरा करने के बाद हसव नाथन लॉयन की गेंद पर मिचेल स्टार्क के हाथों लपके गए। उन्होंने 101 रन बनाए।
चायकाल तक बांग्लादेश ने बनाए 286 रन
हसन के आउट होने के बाद कप्तान शांतो को अनुभवी मुश्फिकुर रहीम का साथ मिला। दोनों ने चायकाल से पहले बांग्लादेश को 250 रन के पार पहुंचा दिया। बांग्लादेश ने चायकाल 3 विकेट पर 78 ओवर में 286 रन बना लिए थे। शांतो 79 और रहीम 26 रन बनाकर खेल रहे थे। चायकाल के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी नई गेंद ली। ऐसे में शांतो अपना शतक पूरा करने से चूक गए। 297 के स्कोर पर वो 84 रन बनकर हेजलवुड की गेंद पर स्टीव स्मिथ के हाथों लपके गए। शांतो के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर लिट्टन दास को स्टार्क ने कैच करा दिया वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। रहीम भी इसके बाद ज्यादा देर पिच पर नहीं टिक सके और 36 रन बनाकर कमिस का शिकार बने।
6 विकेट पर 351 रन पर किया दूसरे दिन के खेल का अंत
306 रन पर 6 विकेट बांग्लादेश ने गंवा दिए थे। मेहमान टीम की पारी ढहती दिख रही थी। ऐसे में मेहदी हसन मिराज और हसन महमूद ने पारी को संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक और कोई नुकसान नहीं होने दिया और पहली पारी में बांग्लादेश की बढ़त को 150 रन तक पहुंचा दिया। बांग्लादेश ने दूसरे दिन के खेल का अंत 6 विकेट पर 351 रन के साथ किया। मेहदी हसन 32 और हसन महमूद 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क ने लिए हैं। वहीं एक-एक विकेट नाथन लॉयन और पैट कमिंस की झोली में 1-1 विकेट गया।
