भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2024 में भाग लेने के लिए अमेरिका पहुंच चुकी है। टीम इंडिया शनिवार (1 जून, 2024) को बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच खेलने उतरेगी। टीम इंडिया के विश्व कप अभियान की वास्तविक शुरुआत 5 जून को न्यूयॉर्क में आयरलैंड के खिलाफ होगी। इस मुकाबले में रोहित शर्मा अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड कर सकते हैं।
रोहित शर्मा( साभार BCCI)
600 छक्के पूरे करने से 3 कदम दूर
रोहित शर्मा के नाम पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। लेकिन टी20 विश्व कप के दौरान हिटमैन अपने इस रिकॉर्ड में चार चांद लगा सकते हैं। रोहित के खाते में 472 मैच की 498 पारियों में 597 छक्के दर्ज हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बनने से वो केवल 3 कदम दूर हैं। रोहित का बल्ला अगर आयरलैंड के खिलाफ चल निकला तो वो विश्व कप के पहले ही मुकाबले में 600 छक्के के आंकड़े को छू सकते हैं। अगर ये मौका चूका तो 9 जून को पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले में रोहित 600 छक्के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे कर सकते हैं।
बनेंगे लगातार 9 विश्व कप खेलने वाले पहले प्लेयर
रोहित शर्मा आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान में उतरते ही 2007 से 2024 तक टी20 विश्व कप के सभी नौ संस्करणों में खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। शाकिब अल हसन भी साल 2007 से 2022 तक लगातार आठ बार टी20 विश्व कप में शिरकत कर चुके हैं। 10 जून को वो भी रोहित की बराबरी कर सकते हैं।
