क्रिकेट

T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की एक और परीक्षा, जानिए क्या है पूरा मामला

  • Agency by: Agency
  • Updated May 29, 2024, 07:15 PM IST

T20 World Cup 2024, Indian Players Start Training: अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का 2 जून से आगाज होने जा रहा है। टीम इंडिया का पहला मुकाबला 5 जून को न्यूयॉर्क में खेला जाएगा। लेकिन इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया ने ट्रेनिंग शुरू कर दी है। इसके बाद टीम को खिलाड़ियों को एक और परीक्षा से होकर गुजरनी होगी।

Image

फुटबॉल खेलते हुए सूर्यकुमार यादव। (फोटो- Surya Kumar Yadav Twitter)

Photo : Twitter

T20 World Cup 2024, Indian Players Start Training: दूधिया रोशनी में दो महीने तक आईपीएल में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने विराट कोहली के बिना टी20 विश्व कप के लिए यहां सुबह ट्रेनिंग सत्र के साथ अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। टी20 विश्व कप में भारत के सभी शुरूआती मैच सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होंगे इसलिये सुबह के ट्रेनिंग सत्र को तवज्जो दी गयी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बाहर होने के बाद कोहली ने व्यक्तिगत काम के लिए ब्रेक लिया है और उनके शुक्रवार को टीम से जुड़ने की संभावना है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह लंबी यात्रा के बाद शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले भारत के एकमात्र अभ्यास मैच में हिस्सा लेंगे या नहीं।

भारत में तेज गर्मी में 90 प्रतिशत मैच खेलने के बाद खिलाड़ी यहां सुबह के खुशनुमा मौसम के अनुरूप ढलने पर ध्यान लगायेंगे क्योंकि यहां तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहता है जिसमें बहुत कम आद्रता होती है। सुबह हल्की हवा में सफेद कूकाबूरा गेंद का सामना करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है और इसके लिए पूरी तरह से तैयार रहना होगा। यात्रा की थकान के बाद खिलाड़ियो को सुबह की इन परिस्थितियों के अनुरूप ढलना होगा। इसलिये सहयोगी स्टाफ ने नासाऊ काउंटी मैदान पर अभ्यास पिचों पर नेट सत्र में कौशल ट्रेनिंग शुरू करने से पहले खिलाड़ियों को परिस्थितियों के हिसाब से सांमजस्य बिठाने में मदद करने का फैसला किया।

टीम के 14 खिलाड़ियों ने शुरूआत हल्की ‘जांगिग’ से की, इसके बाद ‘शटल रन’ लगायी और कुछ ‘फुट वॉली’ भी की। स्ट्रेंथ एवं कंडिशनिंग कोच सोहम देसाई ने ‘बीसीसीआई डॉट टीवी’ से कहा, ‘‘वे ढाई महीने हमारे साथ नहीं थे जिससे हमारा लक्ष्य है कि पता किया जाये कि वे अभी किस स्थिति में हैं और विश्व कप से पहले क्या करने की जरूरत है। पहला लक्ष्य धूप में 45 मिनट बिताने का है।’ उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ी ‘टाइम जोन’ के अनुकूल हो रहे हैं। आज हम अपना पहला मैदानी सत्र कर रहे हैं।’

खिलाड़ियों में न्यूयॉर्क में क्रिकेट खेलने की जिज्ञासा है। भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के अपने दौरों पर फ्लोरिडा में फोर्ट लॉडरहिल मैदान पर खेल चुकी है। आल राउंडर रविंद्र जडेजा ने कहा, ‘पहली बार हम न्यूयॉर्क में क्रिकेट खेलेंगे, यह मजेदार होगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमने अभी तक क्रिकेट नहीं खेला है, हम आज यहां टीम गतिविधियों के लिए आये हैं। उम्मीद है कि यह अच्छा होगा। मौसम बहुत अच्छा है।’ उप कप्तान हार्दिक पंड्या खिली धूप और अच्छे मौसम से उत्साहित दिखे जबकि सूर्यकुमार यादव वहां के प्रवासी लोगों की क्रिकेट में दिलचस्पी के बारे में जानना चाहते थे। सूर्यकुमार ने कहा, ‘मैंने सुना है कि अमेरिका में क्रिकेट लोकप्रिय हो रहा है। इसलिये हम वास्तव में काफी उत्साहित हैं और पहला दिन शानदार था। इसलिये आने वाले दिनों के लिए काफी उत्साहित हैं।’

2007 की चैम्पियन भारतीय टीम अपना टी20 विश्व कप अभियान पांच जून को यहां आयरलैंड के खिलाफ करेगी जिसके बाद नौ जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा मुकाबला होगा। इसके बाद भारतीय टीम का सामना 12 जून को मेजबान अमेरिका से होगा जिसके बाद वे फ्लोरिडा में लॉडरहिल में 15 जून को कनाडा से भिड़ेंगे। भारत ग्रुप में किसी भी स्थान पर रहे, उसे ए 1 में रखा जायेगा। फिर टीम टूर्नामेंट के सुपर आठ चरण के लिए कैरेबियाई सरजमीं पर रवाना होगी जहां वह ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका से भिड़ेगी। भारतीय टीम का कोई भी खिलाड़ी 26 मई को चेन्नई में हुए आईपीएल फाइनल में नहीं खेला था।

End of Article