IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2024 का सबसे बड़ा मुकाबला 9 जून भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा जिसे 250 करोड़ की लागत में केवल 100 दिन में बनाया गया है। इस मुकाबले पर भारतीय क्रिकेट फैंस के अलावा पूरी दुनिया की नजर है। भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 9 जून को होगा, लेकिन भारत-पाकिस्तान खिलाड़ियों के बीच आपसी तकरार टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने के साथ ही शुरू हो जाएगी।
रनों के मामले में आगे निकलने की होड़
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में रन की बात करें तो यहां भी भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों में गजब की टक्कर है। टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले विराट-रोहित और बाबर के बीच एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी है। वर्तमान में विराट 117 मैच में 4,037 रन बनाकर टॉप पर हैं। दूसरे नंबर पर बाबर आजम 119 मैच में 4,023 रन बना चुके हैं और वह विराट से आगे निकलने की रेस में केवल 15 रन दूर हैं। हिटमैन 151 मैच में 3,974 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। रोहित 4,000 रन पूरा करने से केवल 26 रन दूर हैं। इतना ही नहीं एक शतकीय पारी उन्हें बाबर से भी आगे कर सकती है।
विकेट के मामले में आगे निकलने की होड़
भारत-पाकिस्तान के गेंदबाजों की बात करें तो यहां भी एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ टी20 वर्ल्ड कप के पहले दिन से ही शुरू हो जाएगा। वर्तमान में पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक 107 विकेट शादाब खान के नाम है जबकि भारत की ओर से युजवेंद्र चहल 96 विकेट के साथ टॉप पर हैं। चहल के पास शाहीन शाह अफरीदी के 98 विकेट से आगे निकलने का मौका है। शाहीन के नाम 99 मैच में 98 विकेट हैं। दूसरी तरफ हारिस रऊफ 68 मैच में 95 विकेट ले चुके हैं और वह चहल से आगे निकलने की जुगत मे होंगे।
