इंदौर: कप्तान प्रियांश आर्य ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को ग्रुप बी मुकाबले में नाबाद अर्धशतक लगाया जिससे दिल्ली ने रेलवे को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के सुपर लीग चरण में जगह पक्की कर ली। इस शानदार जीत के साथ दिल्ली सात मैच में 20 अंक लेकर ग्रुप तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। उसका नेट रन रेट +3.220 रहा जिससे उसने पहला स्थान हासिल किया। पंजाब ने भी ग्रुप के अपने आखिरी मैच में बिहार को चार विकेट से हराकर दूसरी टीम के तौर पर क्वालीफाई किया। पंजाब के भी सात मैच में 20 अंक रहे।
प्रियांश आर्य (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
रेलवे की टीम 122 रन पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की टीम दिल्ली के गेंदबाजों के सामने 19.5 ओवर में 122 रन पर सिमट गई। जवाब में प्रियांश ने 30 गेंदों में 56 रन की तूफानी पारी खेलकर दिल्ली को महज 11.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इस शानदार जीत के साथ दिल्ली ग्रुप की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई और +3.220 के बेहतर नेट रन रेट के कारण यह भी सुनिश्चित हो गया कि टीम शीर्ष स्थान पर ही रहेगी, चाहे अन्य मुकाबलों के नतीजे कुछ भी रहें।
प्रियांश और तेजस्वी दहिया ने दिलाई तेज शुरुआत
दिल्ली ने लक्ष्य का पीछा करने की शुरूआत आक्रामक अंदाज में की। प्रियांश और तेजस्वी दहिया ने तीसरे विकेट के लिए 77 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई। पिछले मुकाबले में 181 रन से पुरुष टी20 क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले प्रियांश ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। वहीं तेजस्वी ने महज 16 गेंद में पांच छक्के से नाबाद 42 रन बनाए। इससे पहले दिल्ली ने यश ढुल (18) और नीतिश राणा (04) के विकेट जल्दी गंवा दिए थे। लेकिन तेजस्वी की आक्रामक बल्लेबाजी और प्रियांश के शानदार शॉट्स की बदौलत टीम ने 53 गेंद रहते 127 रन बनाकर जीत दर्ज की।
सुयश शर्मा ने चटकाए 4 विकेट
दिल्ली की ओर से लेग स्पिनर सुयश शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। मध्यम गति के गेंदबाज रजनीश डागर ने भी 30 रन देकर तीन विकेट लिए। रेलवे की ओर से ईशान गोयल ने 37 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया जबकि शिवम चौधरी ने 32 रन बनाए। अच्छी शुरुआत के बावजूद रेलवे की टीम बड़ी साझेदारियां करने में नाकाम रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
उदय सहारन और रमनदीप ने दिलाई पंजाब को जीत
उदय सहारन के अर्धशतक और रमनदीप सिंह की तूफानी पारी की मदद से पंजाब ने बिहार के 152 रन के लक्ष्य को 13.1 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया और चार विकेट से जीत दर्ज की। सहारन ने 35 गेंद में 60 रन बनाए जबकि रमनदीप ने 19 गेंद में 40 रन की पारी खेली। दोनों की बदौलत पंजाब ने करीब 12 रन प्रति ओवर की गति से रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल किया।
पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे अनमोलप्रीत सिंह
पंजाब ने पारी की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह का विकेट गंवा दिया। इसके बाद सहारन और विहान मल्होत्रा (14) ने पारी को संभाला। फिर नमन धीर ने छह गेंदों पर 19 रन बनाकर रन गति तेज कर दी। इसके बाद रमनदीप ने मोर्चा संभालते हुए अपनी पारी में चार छक्के लगाए और अंतिम ओवरों में कुछ विकेट गंवाने के बावजूद पंजाब को आसानी से जीत दिला दी। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर बिहार ने सात विकेट पर 151 रन बनाए। अल्तमिश अशरफ ने 30 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 51 रन बनाए जबकि पीयूष सिंह ने 25 गेंदों पर 31 रन का योगदान दिया। पंजाब की ओर से हरप्रीत बराड़ और सुखदीप बाजवा ने दो-दो विकेट लेकर बिहार को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
हरियाणा ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ दर्ज की रोमांचक जीत
वहीं एक अन्य मुकाबले में राहुल तेवतिया ने दबाव भरे आखिरी पलों में संयम बनाए रखते हुए हरियाणा को जम्मू-कश्मीर पर दो विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। हरियाणा ने 168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.5 ओवर में आठ विकेट पर 171 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। तेवतिया 11 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाकर नाबाद रहे, उन्होंने मैच की आखिरी गेंद से एक गेंद पहले टीम को जीत दिलाई। यशवर्धन दलाल ने 18 गेंदों में 38 रन बनाकर हरियाणा को आक्रामक शुरुआत दी जबकि अंकित कुमार ने 28 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया। हालांकि जम्मू-कश्मीर ने वंशज शर्मा की शानदार गेंदबाजी के दम पर मुकाबले में वापसी की। वंशज ने 28 रन देकर चार विकेट हासिल किए जबकि बृजेश शर्मा ने 24 रन देकर दो विकेट लिए।
इससे पहले अब्दुल समद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंद में पांच चौके और छह छक्के से नाबाद 77 रन बनाए। एक समय जम्मू-कश्मीर का स्कोर चार विकेट पर 56 रन था, लेकिन समद ने टीम को संभालते हुए निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 167 रन तक पहुंचाया। क़ामरान इकबाल ने 12 गेंदों में 25 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया लेकिन हरियाणा के गेंदबाजों ने रन गति पर अंकुश बनाए रखा। हरियाणा की ओर से कनिष्क चौहान सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने तीन ओवर में सिर्फ 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। युजवेंद्र चहल ने भी दो विकेट झटके।
तमिलनाडु ने दी सौराष्ट्र को मात
ग्रुप बी के अंतिम मैच में तमिलनाडु ने सन्नी संधू के हरफनमौला प्रदर्शन से सौराष्ट्र को 38 रन से शिकस्त दी। संधू ने पहले 17 गेंद में 44 रन बनाकर तमिलनाडु को आठ विकेट पर 192 रन के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद उन्होंने चार विकेट लेकर सौराष्ट्र को 16.4 ओवर में 154 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
(भाषा)
