क्रिकेट

56 गेंदें, 7 छक्के, 5 चौकेः टेस्ट के बाद अब टी20 में स्टीव स्मिथ का कहर, जड़ा ताबड़तोड़ शतक

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 19, 2023, 08:40 PM IST

Steve Smith T20 Century: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने हाल में टेस्ट क्रिकेट में लय में वापसी के संकेत देते हुए शानदार पारियों को अंजाम दिया। अब स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग बिग बैश लीग (बीबीएल) में शानदार शतकीय पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया है। स्मिथ ने सिडनी को एडिलेड के खिलाफ जीत दिलाई।

Image

स्टीव स्मिथ का शतक (Cricket Australia/Twitter)

BBL 2022/23, Steve Smith century: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ पिछले कुछ सालों से अपनी बल्लेबाजी में संघर्ष करते नजर आ रहे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे वो सभी प्रारूपों में लय में लौटते नजर आने लगे हैं। हाल में टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने जमकर धमाल मचाया और अब सफेद बॉल क्रिकेट में भी उनकी धूम देखने को मिल रही है। ताजी पारी है ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित टी20 टूर्नामेंट बिग बैश लीग की। बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ स्मिथ ने जोरदार शतक जड़ा।

कॉफ्स हार्बर में खेले गए टूर्नामेंट के इस 45वें मैच में सिडनी सिक्सर्स पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पहला विकेट जोश फिलिप के रूप में सिर्फ तीन रन के अंदर गिर गया था। तभी दूसरे ओपनर स्टीव स्मिथ का धमाल शुरू हुआ। स्मिथ ने सबसे पहले तो 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। और उसके बाद अगली 26 गेंदों में वो अपने शतक तक पहुंच गए।

स्मिथ ने 56 गेंदों में अपना टी20 शतक जड़ा। उन्होंने रन आउट होने से पहले 56 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली जिसमें 7 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। इस दौरान कर्टिस पैटरसन ने भी 43 रनों की पारी खेलकर उनका साथ दिया। जबकि अंतिम ओवरों में जॉर्डन सिल्क ने 16 गेंदों में नाबाद 31 रनों की तेज पारी खेलकर सिडनी टीम का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 203 रन तक पहुंचा दिया।

जवाब में उतरी एडिलेड स्ट्राइकर्स की तरफ से मैथ्यू शॉर्ट ने 40 और एलेक्स कैरी ने 54 रनों की पारियां खेलते हुए एक मजबूत साझेदारी भी खड़ी की थी। लेकिन इनके अलावा बाकी के सभी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और पूरी टीम 19 ओवर में 144 रन पर सिमट गई। सिडनी ने 59 रनों से शानदार जीत दर्ज की। स्टीव स्मिथ 'मैन ऑफ द मैच' चुने गए।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article