क्रिकेट

1 बॉल पर 16 रनः स्टीव स्मिथ ने BBL मैच में सबको किया हैरान, देखिए VIDEO

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 23, 2023, 06:32 PM IST

Steve Smith, BBL 2022/23: सिडनी सिक्सर्स और होबार्ट हरीकेन्स के बीच खेले गए बिग बैश लीग (बीबीएल) मैच में सिडनी सिक्सर्स के धाकड़ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने होबार्ट के खिलाफ जोरदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी के दौरान 1 गेंद पर 16 रन भी आए जिसने सबको हैरान भी किया।

Image

स्टीव स्मिथ (BBL- Screenshot)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • बिग बैश लीग में स्टीव स्मिथ का धमाल जारी
  • 1 गेंद में 16 रन का कमाल !
  • 33 गेंदों में खेली 66 रनों की ताबड़तोड़ पारी

Big Bash league, Steve Smith Video: ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित टी20 टूर्नामेंट बिग बैश लीग (बीबीएल) में दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ आए दिन नए-नए कमाल कर रहे हैं। हाल में इसी टूर्नामेंट में लगातार दो धमाकेदार टी20 शतक जड़ने वाले स्मिथ ने सोमवार को सिडनी सिक्सर्स और होबार्ट हरीकेन्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक बार फिर धमाल मचाया। इस बार सिडनी सिक्सर्स के इस दिग्गज बल्लेबाज ने अर्धशतकीय पारी खेली जिस दौरान उन्होंने 1 गेंद में 16 रन जड़ने का कमाल भी कर दिया।

सिडनी और होबार्ट के बीच खेले गए इस मुकाबले में सिडनी की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पिच पर ओपनर स्टीव स्मिथ ने आते ही अपनी लय का फायदा उठाते हुए वो कमाल कर दिया जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। मामला मैच के दूसरे ओवर का है जब गेंदबाज जोल पेरिस गेंदबाजी करने आए और स्टीव स्मिथ स्ट्राइक पर थे।

इस ओवर की पहली दो गेंदों पर स्मिथ कोई रन नहीं बना पाए। लेकिन इसके बाद उन्होंने एक गेंद में 16 रन जड़ डाले। आइए जानते हैं कि ये कैसे मुमकिन हुआ, दरअसल ओवर की इस तीसरी गेंद पर स्मिथ ने सबसे पहले शानदार छक्का जड़ा लेकिन इसे नो-बॉल करार दे दिया गया। यानी 7 रन आ चुके थे और फ्री-हिट भी मिल गई थी। पेरिस ने दोबारा गेंद फेंकी और इस बार गेंद वाइड होने के साथ-साथ फाइन लेग बाउंड्री भी पार कर गई यानी 5 रन मिले। अब कुल 12 रन हो चुके थे और अब भी फ्री-हिट बरकरार थी और गेंद पूरी होना बाकी। पेरिस फिर गेंद फेंकने आए और इस बार गेंद सही थी लेकिन स्मिथ ने चौका जड़ दिया। इस तरह एक गेंद पर 16 रन बन गए। हालांकि इस 1 गेंद पर स्मिथ के बल्ले से 10 रन आए जबकि 6 रन एक्स्ट्रा के थे।

वैसे ये ओवर ऐसे ही समाप्त नहीं हुआ। इसके बाद चौथी गेंद पर स्मिथ ने एक और शानदार चौका जड़ दिया। जबकि पांचवीं गेंद पर 1 रन लिया और अंतिम गेंद पर कोई रन नहीं आया। इस तरह इस ओवर में जोल पेरिस ने कुल 21 रन लुटा डाले।

देखिए इस ओवर का वीडियो

इस पारी के दौरान स्टीव स्मिथ ने 33 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौके जड़ते हुए 66 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। अंत में ड्वारशियस ने 14 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली जिससे सिडनी ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बना डाले।

जवाब में उतरी होबार्ट की टीम के लिए जैक क्रॉली ने 49 रनों की पारी खेली लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके। नतीजतन उनकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन ही बना सके और 24 रन से मैच गंवा दिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article