क्रिकेट

SRH vs LSG: SRH ने T20 क्रिकेट में सबसे धुआंधार चेज का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 9, 2024, 12:02 AM IST

IPL 2024, SRH vs LSG: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 10 विकेट से हराया। टीम ने महज 9.4 में मुकाबला जीत लिया। इसी जीत के साथ हैदराबाद ने T20 क्रिकेट में सबसे तेज चेज करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

Image

सनराइजर्स हैदराबाद टीम के खिलाड़ी। (फोटो- IPL/BCCI)

IPL 2024, SRH vs LSG: आईपीएल के 17वें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन जारी है। टीम हर मुकाबले में कुछ न कुछ रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 10 विकेट से हराया। यह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज चेस करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले भी टीम ने आईपीएल का हाईएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ अपने नाम नया रिकॉर्ड दर्ज किया था।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। टीम ने हैदराबाद को 166 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी हैदराबाद की टीम ने 62 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

हैदराबाद ने इस टीम का रिकॉर्ड तोड़ा

लखनऊ को 10 विकेट से मात देने के बाद हैदराबाद ने टी20 क्रिकेट में 150 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करने वाली सबसे तेज टीम बन गई, जिसने 10 ओवरों में 158 रनों का पीछा करने के ब्रिस्बेन हीट के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। आईपीएल में पिछला रिकॉर्ड डेक्कन चार्जर्स के नाम था, जिसने 2008 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 12 ओवर में 155 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

हेड और अभिषेक ने की 167 रन की साझेदारी

लखनऊ के खिलाफ हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने शानदार साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने महज 58 गेंदों पर 167 रन की नाबाद साझेदारी की। ट्रेविस ने 30 गेंदों पर 89 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों पर 75 रन की नाबाद पारी खेली।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article