राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ की 67 गेंद में 87 रन की तूफानी पारी के बावजूद भारत अंडर-19 टीम को दूसरे युवा वनडे में हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका अंडर-19 ने सलामी बल्लेबाज दिमांथा महाविथाना की नाबाद 155 रन की मैच जिताऊ पारी के दम पर भारत को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत से तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। एक समय स्कोर चार विकेट पर 81 रन था और टीम गहरे संकट में थी। यहां से विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अपने पिता राहुल द्रविड़ से बिल्कुल अलग अंदाज दिखाया। द्रविड़ अपनी शांत, धैर्यपूर्ण और मंझी हुई बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे। वह घंटों क्रीज पर टिककर गेंदबाजों को थकाते थे। अन्वय ने सहवाग वाला टेम्परामेंट दिखाया। वीरेंद्र सहवाग गेंदबाजों पर पहली गेंद से हावी होकर तूफानी शॉट खेलते थे।
अन्वय की तूफानी पारी गई बेकार
अन्वय ने अर्जुन राजपूत के साथ पांचवें विकेट के लिए 145 रन की अहम साझेदारी की। राजपूत ने 76 रन बनाए। अन्वय ने सिर्फ 47 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया। लग रहा था कि अन्वय शतक पूरा कर लेंगे लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिम्हान मेंडिस ने उन्हें आउट कर दिया। मेंडिस ने 41 रन देकर पांच विकेट लिए। अन्वय के आउट होते ही भारतीय पारी बिखर गई। टीम ने आखिरी तीन विकेट 22 रन के अंदर गंवा दिए और पूरी टीम 285 रन पर सिमट गई।
दिमांथा ने बनाए नाबाद 153 रन
286 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत भी लड़खड़ाई। मगर सलामी बल्लेबाज दिमांथा महाविथाना एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 153 गेंद में 12 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 155 रन ठोक दिए। महाविथाना ने सेनुजा वेकुनागोडा के साथ दूसरे विकेट के लिए 103 रन जोड़े। वेकुनागोडा ने 60 रन बनाए। इसके बाद कप्तान विमथ दिनसारा के साथ महाविथाना ने तीसरे विकेट के लिए 163 रन की अटूट साझेदारी की। दिनसारा 56 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका ने 48 ओवर में दो विकेट पर 291 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत ने पहला मुकाबला चार विकेट से जीता था। अब सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो वाला हो गया है। अन्वय की पारी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। फैंस कह रहे हैं कि द्रविड़ के घर में सहवाग वाला अंदाज दिख रहा है, मगर टीम को जीत नहीं दिला सका।
