क्रिकेट

Sri Lanka Cricket: श्रीलंका क्रिकेट ने इस दिग्गज खिलाड़ी को बनाया पुरुष टीम का हेड कोच

Sri Lanka Cricket Appoint New Head Coach: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने नए हेड कोच के नाम का ऐलान कर दिया है। अपने ही देश के दिग्गज खिलाड़ी को पुरुष टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। उनकी कोचिंग में पिछले दिनों श्रीलंकाई टीम ने भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था।

Image

श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- Sri Lanka Cricket X)

Photo : Twitter

Sri Lanka Cricket Appoint New Head Coach: पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या को श्रीलंका पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। श्रीलंका के पूर्व ओपनर रह चुके जयसूर्या के मार्गदर्शन में टीम ने खासकर भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। जयसूर्या की नियुक्ति 1 अक्टूबर 2024 से शुरू हो गई है और वह 31 मार्च 2026 तक इस पद पर रहेंगे। श्रीलंका क्रिकेट के बयान के अनुसार, "श्रीलंका क्रिकेट की कार्यकारी समिति ने यह निर्णय हाल के भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दौरे पर टीम के अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए लिया, जहां जयसूर्या अंतरिम मुख्य कोच के रूप में टीम के साथ थे।"

मुख्य कोच के रूप में जयसूर्या की पहली जिम्मेदारी वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले सीमित ओवरों के मैच होंगे, जो दांबुला और पल्लेकेले में खेले जाएंगे। जयसूर्या पहले श्रीलंका क्रिकेट के सलाहकार रह चुके हैं। उनको पहली बार जुलाई में अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। पिछले कुछ महीनों में जयसूर्या की देखरेख में, श्रीलंका ने 27 साल बाद भारत के खिलाफ पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती, 10 साल में पहली बार इंग्लैंड को उनकी धरती पर टेस्ट मैच में हराया, और हाल ही में न्यूजीलैंड को घरेलू टेस्ट में 2-0 से हराया।

1991 से 2007 तक जयसूर्या ने 110 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 40.07 की औसत से 6973 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। 445 वनडे मैचों में उन्होंने 13,430 रन बनाए, 32.36 की औसत से 28 शतक और 68 अर्धशतक लगाए। 1996 के विश्व कप में उन्होंने श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

जयसूर्या इसके अलावा एक शानदार गेंदबाज भी थे। बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हुए उन्होंने टेस्ट मैचों में 98 और वनडे मैचों में 323 विकेट लिए हैं। वनडे में वह दुनिया के महानतम ऑलराउंडर में एक हैं। जयसूर्या ने अपने करियर में 31 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी 30 मैच खेल चुके हैं।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article