श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने रविवार को उम्मीद जतायी कि देश की क्रिकेट संस्था को आईसीसी से निलंबित किए जाने से राष्ट्रीय टीम के आगामी कार्यक्रम और अगले साल के शुरू में यहां होने वाले पुरुष अंडर-19 विश्व कप की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
श्रीलंका क्रिकेट टीम (साभार-ICC)
श्रीलंका का अगले साल व्यस्त कार्यक्रम है जिसकी शुरुआत जिम्बाब्वे के दौरे पर जनवरी-फरवरी में सीमित ओवरों की श्रृंखला से होगी। श्रीलंका में 2024 पुरुष अंडर-19 विश्व कप 13 जनवरी से शुरू होगा जिसमें 16 टीम प्रतिस्पर्धा करेंगी।
भारत में विश्व कप में मेंडिस की अगुआई वाली टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बाहर होने से श्रीलंका में उथल पुथल मची हुई है। मेंडिस ने भारत से लौटने के बाद मीडिया से कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि जल्द ही निलंबन खत्म हो जायेगा जिससे हम अपने आगे के कार्यक्रम के लिए अभ्यास कर पायेंगे। अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी के लिए भी यह अच्छा होगा। ’’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सरकारी हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को पूर्ण सदस्य श्रीलंका को निलंबित कर दिया था।
श्रीलंका का वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
श्रीलंका क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन रहा था। टीम 9 मैच में केवल 2 ही मुकाबला जीत पाई थी और 4 प्वाइंट्स के साथ टेबल में 9वें पायदान पर थी। श्रीलंका के बल्लेबाजों ने इस वर्ल्ड कप में निराश किया। गेंदबाजी की बात करें तो दिलशान मदुशंका ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी भी गेंदबाज का साथ नहीं मिला। इस दौरान श्रीलंका क्रिकेट में कई तरह के विवाद भी सामने आए।
