क्रिकेट

IND A vs SL A 2nd Unofficial Test Day 1 Highlights: श्रीलंका ए ने की दूसरे अनॉफीशियल टेस्ट में शानदार शुरुआत, यश ठाकुर और सारांश जैन ने चटकाए 2-2 विकेट

श्रीलंका ए ने भारत के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 288 रन बना लिए हैं। ऐसा रहा मैच के पहले दिन के खेल का हाल।

Image

इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए दूसरा अनाधिकारिक टेस्ट (फोटो क्रेडिट @M_Aswin100 X)

गॉल: इंडिया ए के तेज गेंदबाज यश ठाकुर और ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने गुरुवार को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन दो-दो विकेट झटके लेकिन श्रीलंका ए ने कप्तान सहन अराचिगे की नाबाद 83 रन की पारी की बदौलत 85 ओवर में पांच विकेट पर 288 रन बना लिए। अराचिगे की 148 गेंद की पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल था। उन्होंने विकेटकीपर अंजला बंडारा (42 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। जैन ने अंजलाबंडारा को बोल्ड किया। ठाकुर (14 ओवर में 32 रन देकर दो विकेट) और जैन (24 ओवर में 77 रन देकर दो विकेट) के अलावा लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ (15 ओवर में 49 रन देकर एक विकेट) को भी एक विकेट मिला।

छह साल बाद जीशान अंसारी ने की रेड बॉल क्रिकेट में वापसी

वहीं छह साल के अंतराल के बाद अपना पहला लाल गेंद का मैच खेल रहे जीशान अंसारी ने बिना कोई विकेट लिए 16 ओवर में 64 रन दिए। गॉल की धीमी पिच पर विकेट लेना आसान नहीं था। श्रीलंका ए के सलामी बल्लेबाज पवनथा वीरासिंघे (39) और सोहन डि लिवेरा (28) ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। ठाकुर ने ही बाएं हाथ के बल्लेबाज डी लिवेरा को स्लिप में देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराया।

दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज वीरासिंघे ने सुबह के सत्र में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन लंच से कुछ मिनट पहले बराड़ ने उन्हें आउट कर दिया। उन्होंने वीरासिंघे को विकेट के पीछे भारत ए के कप्तान और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। नुवानिदु फर्नांडो (44) और अशेन बंडारा (34) भी अच्छी लय में दिखे और तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। लेकिन फिर जैन ने फर्नांडो को पडिक्कल के हाथों कैच करा दिया।

आकिब नबी नहीं झटक पाए कोई विकेट

ठाकुर की गेंद पर जुरेल ने अशेन बंडारा का कैच पकड़ा। आकिब नबी (15 ओवर में 50 रन देकर कोई विकेट नहीं) लगातार दूसरे मैच में नयी गेंद के साथ असरदार नहीं दिखे और श्रीलंका ए के सलामी बल्लेबाजों ने आसानी से उनका सामना किया। बराड़ ने तेज और अच्छी गेंदबाजी की लेकिन उन्हें सिर्फ एक ही विकेट मिला। सबसे बड़ी निराशा अंसारी रहे जिन्हें राष्ट्रीय चयन समिति ने नेट गेदबाजी के आधार पर चुनाव किया था। अंसारी की तैयारी की कमी साफ दिख रही थी। बल्लेबाजों को उनकी लेग-ब्रेक गेंदों पर कोई खास परेशानी नहीं हुई। कुछ मौकों पर उनकी जमकर धुनाई भी हुई।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article