IPL 2024: पिछले दो सीजन से सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। साल 2023 की बात करें तो टीम 14 मैच में से केवल 4 मुकाबला ही जीत पाई थी और प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी। एडेन मार्करम की कप्तानी में टीम वह काम नहीं कर पाई जिसकी उम्मीद थी। ऐसे में IPL के नए सीजन में हैदराबाद नए कप्तान पैट कमिंस के नेतृत्व में उतरेगी। इस बात की आशंका तो तब ही बन गई थी जब इस फ्रैंचाइजी ने कमिंस को 20.5 करोड़ की बड़ी राशि में खरीदा था। अब इस बात की आधिकारिक पुष्टि हो गई है कि टीम साल 2023 के IPL सीजन में सबसे सफल कप्तान के नेतृत्व में उतरेगी।
कमिंस के लिए यादगार साल 2023
कमिंस को हैदराबाद की कमान देना इस टीम के लिए शुभ संकेत है। दरअसल बतौर कप्तान कमिंस ने साल 2023 में जो भी किया है वह अद्भुत है। पहले एशेज को रिटेन करना हो या फिर बाद में टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पटखनी देकर टेस्ट में चैंपियन बनना। इसके बाद उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप जीता। बॉक्सिंग डे-टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच बने। इसके बाद वह आईपीएल में 20.5 करोड़ में बिके। कमिंस पिछले कुछ वक्त से जो भी कर रहे हैं वह सोना हो जा रहा है। ऐसे में हैदराबाद की कमान टीम के लिए फायदेमंद होगा।
क्या है हैदराबाद का ऑस्ट्रेलिया कनेक्शन?
इससे पहले दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने हैदराबाद की फ्रैंचाइजी को आईपीएल में चैंपियन बनाया है। साल 2009 में हैदराबाद फ्रैंचाइजी की टीम को एडम गिलक्रिस्ट ने चैंपियन बनाया था। इसके अलावा जब डेविड वॉर्नर को हैदराबाद की कमान मिली तो उन्होंने साल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल में चैंपियन बनाया। अब पैट कमिंस को यह कमान मिली है इस फ्रैंचाइजी की उम्मीद और भी बढ़ गई है।
